चंदौली में अब होगा कड़ा एक्शन, PNG पाइपलाइन के बाद भी LPG सिलेंडर दबाए बैठे हैं 1000 उपभोक्ता
पीडीडीयू नगर में लगभग एक हजार पीएनजी उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर नहीं किए हैं।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
पीडीडीयू नगर में 1000 पीएनजी उपभोक्ता नहीं लौटा रहे एलपीजी।
दोहरे कनेक्शन रखने वालों पर होगी कार्रवाई, विभाग सख्त।
उपभोक्ताओं को केवल एक गैस कनेक्शन रखने का नियम।
जागरण संवाददाता, चंदौली। पीडीडीयू नगर में पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की सुविधा पहुंचने के बाद भी लगभग एक हजार उपभोक्ताओं ने अब तक अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर नहीं किया है। इससे दोहरे गैस कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं को लेकर विभाग की व्यवस्था के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो रहें हैं।
दरअसल, पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद नियमानुसार घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना का प्रविधान है। हालांकि, जानकारी के अभाव और कभी-कभार पीएनजी आपूर्ति बाधित होने की आशंका के चलते कई उपभोक्ता दोनों सुविधाएं अपने पास रखे हुए हैं। जनपद में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या 4.25 लाख से अधिक है। जबकि पीडीडीयू नगर क्षेत्र में पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहें हैं।
पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। आने वाले समय में कई और मोहल्लों में पीएनजी कनेक्शन दिए जाने हैं। जिला पूर्ति अधिकारी वासुदेव तिवारी ने बताया कि उपभोक्ता पीएनजी या एलपीजी में से कोई एक कनेक्शन रख सकता है। पीएनजी लेने के बाद एलपीजी रखना अनिवार्य नहीं है। लेकिन, दोनों कनेक्शन के माध्यम से दोहरा लाभ नहीं लिया जा सकता।
उपभोक्ताओं को नियमों की जानकारी देने के साथ गैस एजेंसियों को भी जागरुकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यापन के दौरान ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बिना बताए बंद हो रहे LPG कनेक्शन: न सिलिंडर मिल रहा न PNG, रामपुर में हजारों उपभोक्ता परेशान
