आधी रात को महिला से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या... पति के अचानक घर पहुंचने पर हुआ विवाद
Bulandshahr News: बुलंदशहर में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का पाया गया है।

पुष्पेंद्र का फाइल फोटो, मौके पर मौजूद पुलिस।
HighLights
बुलंदशहर पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का पाया गया।
अन्य मामले में दोस्तों ने होटल में बुलाकर युवक को गोली मारी।
संवाद सूत्र, छतारी (बुलंदशहर)। छतारी थाना क्षेत्र के गांव जिनामई में एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
गांव जिनामई निवासी 25 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह पुत्र उदयवीर सिंह के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि युवक सोमवार रात गांव की एक महिला के घर में घुस गया था। महिला का पति दिल्ली में नौकरी करता है। आरोप है कि पति के अचानक घर पहुंचने पर पुष्पेंद्र से घर आने का कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
इसके बाद पुष्पेंद्र के साथ जमकर मारपीट की गई। इस मारपीट में पुष्पेंद्र की मौत हो गई। आरोप है कि पुष्पेंद्र के अलावा युवक ने अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचे सब पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल स्थित मर्चरी भेजा है। गांव में तनाव को देखते हैं पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का पाया गया है। पुष्पेंद्र के पिता की तहरीर पर महिला, उसके पति और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- PNB की करेंसी चेस्ट में 7 नहीं, 17 करोड़ रुपये के मिले नकली नोट; तीन मैनेजरों और गड्डियां लगाने वाले पर एक्शन
खाना खाने को होटल में बुलाकर दोस्तों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
बुलंदशहर : कोतवाली नगर के मुहल्ला राधानगर साठा निवासी प्रिंस गुप्ता उर्फ पुच्चन पुत्र याेगराज गुप्ता एचडीबी फाइनेंस कंपनी में काम करता है। सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे प्रिंस के दोस्तों ने उसे फोनकर खाना खाने के लिए नहर पुल के पास स्थित एक होटल में बुलाया।
बताया जाता है कि खाना खाते समय किसी बात को लेकर प्रिंस गुप्ता का अपने दोस्तों से विवाद हो गया। आरोप है कि इसी के चलते दोस्त ने अंटी से अवैध तमंचा निकालकर फायरिंग दी। कूल्हा पर गोली लगने से प्रिंस लहूलुहान अवस्था में वहीं जमीन पर गिर गया और उसके बाद आरोपित भाग गए।
पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। घायल प्रिंस की हालत में सुधार है। घायल एवं आरोपित आपस में दोस्त हैं। मामले की जांच जारी है।
