पॉटरी नगरी में वाहनों का दबाव, लग रहा जाम
शादियों के कारण नगर में वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण मंगलवार को दिनभर जंक्शन और तहसील मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
खुर्जा : शादियों के कारण नगर में वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण मंगलवार को दिनभर जंक्शन और तहसील मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। इसके कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मी जाम खुलवाते नजर आए।
खुर्जा के गांधी मार्ग पर दिन के समय में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहता है। दिन में पंचवटी रजवाहे की पटरी से होकर बड़े वाहन निकलते हैं। सोमवार और मंगलवार को शादियां अधिक होने के कारण मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इसके चलते बसों, मेटाडोर और अन्य वाहन पंचवटी रजवाहे के रास्ते सिकंदराबाद मार्ग होते हुए जीटी रोड पर पहुंचे। इसके चलते मंगलवार सुबह से ही जंक्शन और तहसील मार्ग पर जाम की स्थिति बनीं रही और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जंक्शन मार्ग से जीटी रोड तक महज 500 मीटर का सफर तय करने में लोगों को लगभग आधा घंटा लग गया। दिनभर जाम की स्थिति बनी रहने के कारण पुलिसकर्मी भी परेशान दिखाई दिए। पुलिसकर्मी जेवर अड्डा चौराहा पर वाहनों को इधर-उधर निकालकर जाम खुलवाते हुए नजर आए।