UPSC परीक्षा में शिखा गौतम की 113वीं रैंक, पहले प्रयास में विफल होने पर नहीं हारी हिम्मत
UPSC result 2025 : बुलंदशहर निवासी शिखा गौतम ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 113वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता पाई।

शिखा गौतम
HighLights
दूसरे प्रयास में मिली सफलता, 16 घंटे प्रतिदिन की पढ़ाई।
युवाओं को मेहनत जारी रखने का दिया संदेश।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। संघ लोकसेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में शिखा गौतम ने 113वीं रैंक पाकर सफलता पाई है। शिखा ने यह सफलता अपने दूसरे प्रयास में अर्जित की है। शिखा गौतम के यूपीएससी की परीक्षा पास करने पर परिवार में खुशी का माहौल है। स्वजन ने एक-दूसरे को मिठाई खिला कर खुशी मनाई।
शहर के मुहल्ला आंबेडकरनगर भूड़ निवासी प्रेमचंद की बेटी शिखा गौतम ने अपने दूसरे ही प्रयास में यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा 113वीं रैंक हासिल कर सफलता पाई है।
शिखा के पिता प्रेमचंद ने बताया कि वह गांधी कन्या इंटर कालेज स्याना में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उन्होंने बच्चों की शिक्षा को हमेशा महत्व दिया। बच्चों ने भी मेहनत करके उन्हें कभी निराश नहीं किया। शिखा ने आज उनका सपना साकार किया है। यह बहुत खुशी देने वाला पल है।
यूपी बोर्ड की रही हैं विद्यार्थी
शिखा गौतम ने यूपी बोर्ड के चौधरी वीरपाल सिंह इंटर कालेज बाड़ा से साल 2011 में हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। साल 2013 में गांधी बाल निकेतन कन्या इंटर कालेज से इंटरमीडिएट की पास की थी।
साल 2016 में आइपी कालेज से बीएससी की परीक्षा पास की थी। इसके बाद साल 2018 में आइपी कालेज से बीटीसी की परीक्षा पास की थी। इसके बाद शिखा ने दिल्ली के मुखर्जीनगर में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिलने के बावजूद अपनी इच्छा शक्ति को कमजोर नहीं होने दिया। दूसरे प्रयास में शिखा गौतम ने यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर अपनी मेधा का परिचय दिया है। शिखा गौतम पांच भाई-बहन हैं। शिखा चार बहनों में तीसरे नंबर की हैं।
यह भी पढ़ें- कौन हैं आस्था जैन, जिन्होंने UPSC में हासिल की नौवीं रैंक, UP के छोटे से कस्बे से है इनका नाता
शिखा की बड़ी बहन ज्योति उच्च प्राथमिक विद्यालय बहराइच में शिक्षिका हैं और नेहा में बिहार में शिक्षिका हैं। छोटी बहन मनीषा भी यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। जबकि भाई माेनू वेलनेस कोच हैं।
उनकी माता देवी गृहणी हैं। 113वीं रैंक हासिल करने वाली शिखा गौतम ने बताया कि उन्होंने प्रतिदिन 16 घंटे नियमित पढ़ाई की है। शिखा गौतम ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि साहस के साथ अपनी मेहनत जारी रखें। सफलता निश्चित मिलेगी।
