विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP पुलिस के डायल-112 पर तैनात कर्मियों को राहत, 12 की जगह अब आठ घंटे की ड्यूटी; तीन शिफ्टों में बंटा काम

By Vipin Kumar Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 10 Sep 2026 04:55 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश पुलिस के डायल-112 कर्मियों की ड्यूटी अब 12 घंटे से घटाकर आठ घंटे कर दी गई है, जिससे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मी अब तीन शिफ्टों में करेंगे आठ-आठ घंटे काम।

  2. अब सामान्य पुलिसकर्मियों में भी आठ घंटे की ड्यूटी की उम्मीद जगी

विपिन शर्मा, बुलंदशहर। यूपी पुलिस के डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। सरकार ने डायल-112 के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अब 12 घंटे की जगह आठ घंटे की कर दी है। शासन के इस फैसले से डायल-112 के पुलिसकर्मियों में खुशी की लहर है।

डायल-112 के पुलिसकर्मी सुबह आठ से रात आठ बजे तक और रात आठ से सुबह आठ बजे तक डयूटी करते थे। 12 घंटे की ड्यूटी से पुलिसकर्मी शारीरिक और मानसिक रूप से थक जाते थे। पिछले लंबे से से पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस की तर्ज पर आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट किए जाने की मांग कर रहे थे।

इस पर शासन ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब डायल-112 का स्टाफ 24 घंटे में आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में काम करेगा। पहली शिफ्ट सुबह छह से दोपहर दो बजे तक, दूसरी दोपहर दो से रात दस बजे और तीसरी रात दस से सुबह छह बजे तक होगी।

यह भी पढ़ें- 'आखिर कब तक मरते रहेंगे पुलिस वाले...' फेसबुक पर पोस्ट करने पर हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर

अधिकारियों का मानना है कि आठ घंटे की ड्यूटी से डायल-112 की रिस्पांस टाइम में भी सुधार होगा। थके होने की वजह से कई बार शिकायतों पर देरी होती थी, अब वह भी दूर होगी। गौरतलब है कि डायल-112 उत्तर प्रदेश पुलिस की सबसे महत्वपूर्ण सेवा है। रोजाना हजारों लोग मदद के लिए 112 पर फोन करते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों का चुस्त-दुरुस्त रहना बेहद जरूरी है।

सामान्य पुलिसकर्मियों में जगी उम्मीद

डायल-112 के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी आठ घंटे होने से अब सामान्य पुलिसकर्मियों में भी आठ घंटे की ड्यूटी की उम्मीद जगी है। वर्तमान में थानों में तैनात सिपाही और दारोगा 12 से 14 घंटे तक ड्यूटी करते हैं। कई बार तो 24 घंटे भी लगातार काम करना पड़ता है।

पुलिस अभिलेख के अनुसार आंकड़े :

  • 82- जिलेभर में डायल-112 गाड़ी हैं।
  • 02- निरीक्षक।
  • 12- उपनिरीक्षक।
  • 37- महिला मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी।
  • 197- मुख्यआरक्षी।
  • 79- चालक।
  • 228- आरक्षी।
  • 142- होमगार्ड।

शासन का यह फैसला सराहनीय है। आठ घंटे की ड्यूटी से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वह बेहतर तरीके से जनता की सेवा कर पाएंगे। पुलिस महानिदेशक आदेश के अनुपालन में जिले में नई रोस्टर के अनुसार डायल-112 की ड्यूटी लगाई जा रही है। इससे पुलिसकर्मियों में खुशी की लहर है।
-दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी, बुलंदशहर।