सड़क हादसों में वृद्धा समेत दो की मौत
चौकी दौलतपुर क्षेत्र के सूरजपुर मखैना गांव पर गुरुवार सुबह कैंटर की चपेट में आने से वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शिकारपुर मार्ग पर मोरजपुर के निकट बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जेएनएन, बुलंदशहर। चौकी दौलतपुर क्षेत्र के सूरजपुर मखैना गांव पर गुरुवार सुबह कैंटर की चपेट में आने से वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, शिकारपुर मार्ग पर मोरजपुर के निकट बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूरजपुर मखैना गांव निवासी द्रोपादेवी (63) वर्ष पत्नी बाबूराम गुरुवार सुबह बकरियों के लिए पेड़ों से पत्ते लेने गई थी। अलीगढ़-अनूपशहर मार्ग पार करने के दौरान अनूपशहर की ओर से आए कैंटर ने वृद्धा को टक्कर मार दी। इससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, दुर्घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे आरोपित चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। उधर, क्षेत्र के गांव सालवानपुर निवासी बनी सिंह मीणा ने बताया कि गांव निवासी विनोद कुमार 33 पुत्र रामगोपाल इकलौता बेटा था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बुधवार रात थाना डिबाई क्षेत्र के गांव नाहरी से बाइक से गांव लौट रहा था। गांव मोरजपुर के निकट पीछे से तेज गति से आए किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने परिवार वालों के पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक भी परिवार वालों ने पुलिस को हादसे के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी थी।