यातायात माह के पहले दिन खूब टूटे नियम
पूरे नवंबर माह में यातायात अभियान चलेगा। शुक्रवार से इसकी शुरुआत भी हो गई। काले आम चौराहे से एसपी क्राइम शिवराम यादव और आरटीओ आनंद निर्मल ने इसका शुभारंभ किया। पहले दिन ही ट्रैफिक नियमों की खूब धज्जियां उड़ी। ट्रैफिक पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यातायात के नए नियम लागू कराने की है।
बुलंदशहर, जेएनएन। पूरे नवंबर माह में यातायात अभियान चलेगा। शुक्रवार से इसकी शुरुआत भी हो गई। काले आम चौराहे से एसपी क्राइम शिवराम यादव और आरटीओ आनंद निर्मल ने इसका शुभारंभ किया। पहले दिन ही ट्रैफिक नियमों की खूब धज्जियां उड़ी। ट्रैफिक पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यातायात के नए नियम लागू कराने की है।
यातायात सप्ताह के शुभारंभ पर शहर की कई ट्रांसपोर्ट से चालकों को बुलाया गया था। जिसमें ट्रक, टैक्सी, बस चालक शामिल थे। इस दौरान इन चालकों को समझाया गया कि वह शराब पीकर वाहन न चलाए। वहीं, सीट बेल्ट लगाने की जानकारी दी गई। नए नियमों के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा कुछ दुपहिया वाहनों को रोककर बताया गया कि यदि उन्होंने शनिवार से नियम तोड़े तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हैरत की बात यह है कि जिस काला आम चौराहे से यातायात माह का शुभारंभ किया गया, वहीं पर लोग अफसरों के सामने ही नियम तोड़ते हुए नजर आ रहे थे। कोई एक बाइक पर तीन को बैठाकर दौड़ाकर जा रहा है तो कोई बाइक पर दो लोग बैठे हैं, लेकिन एक ने भी हेलमेट नहीं लगाया हुआ है। जबकि नए नियम में यदि बाइक पर दो लोग बैठे हैं तो दोनों को हेलमेट लगाना जरूरी है। इस दौरान एसपी क्राइम शिवराम यादव ने बताया कि शुक्रवार को पहला दिन था। इसलिए ज्यादा सख्ती नहीं दी। शनिवार से पूरी सख्ती के साथ नए नियमों का पालन कराया जाएगा।