अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
फाल्गुन माह की अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कुछ लोगों ने अपने दिवंगतों की स्मृति में दीप दान भी किया।
बुलंदशहर, जेएनएन। फाल्गुन माह की अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कुछ लोगों ने अपने दिवंगतों की स्मृति में दीप दान भी किया।
रविवार को फाल्गुन अमावस्या पर नगर के विभिन्न गंगा घाट पर दूर दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। अनेक लोगों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में गंगा में दीप जलाकर प्रवाहित किए। कुछ लोगों ने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए। गंगा किनारे भगवान सत्यनारायण की कथा कराकर पुण्य अर्जित किया। पुल के नीचे बने अस्थाई घाट, लाल महादेव, बबस्टर गंज, परशुराम घाट, जेपी घाट पर स्नान करने वालों का तांता लगा रहा। दोपहर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शिव चौक से गंगा तट तक बीच सड़क पर प्रसाद बेचने वालों की दुकानें लगी थीं। उधर, प्रशासन द्वारा पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं कराए जाने से जाम लगा रहा।