आठ घंटे तक लगे जाम से जूझते रहे वाहन चालक
स्वतंत्रता दिवस व रक्षा बंधन पर्व पर पूरा शहर जाम से हलकान रहा। जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों को कई घंटों तक पसीना बहाना पड़ा।
बुलंदशहर, जेएनएन: स्वतंत्रता दिवस व रक्षा बंधन पर्व पर पूरा शहर जाम से हलकान रहा। जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों को कई घंटों तक पसीना बहाना पड़ा। इतना ही नहीं शहर के बाहरी मार्गों पर लगे जाम की यह हालात हो गई थी कि अनूपशहर रोड स्थित इमलिया गांव तक वाहनों के पहिए करीब आठ घंटे तक रेंग-रेंग कर चलते रहे। सुबह नौ बजे से लगना शुरू हुआ जाम शाम चार बजे कंट्रोल में आया।
स्वतंत्रता दिवस व रक्षा बंधन त्योहार को देखते हुए यूं तो पुलिस अधिकारियों ने जाम से निपटने के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे, लेकिन सड़कों पर वाहनों की बड़ी तादाद व एक दूसरे आगे निकलने की होड़ के कारण शहर के अंदर व बाहरी मार्गो पर सुबह नौ बजे से जाम लगना शुरू हो गया। वाहन चालाकों की हालत सबसे ज्यादा खराब स्याना रोड, शिकारपुर रोड, अनूपशहर रोड, तीरघर तिराहा व शिकारपुर बाईपास पर रही। यहां एक दूसरे से आगे निकले की जल्दीबाजी में जाम लगना शुरू हो गया। ऐसा भी नहीं था कि यातायात को सुचारू रखने के लिए इन मार्गों पर पुलिस फोर्स मुस्तैद न रही हो, लेकिन वाहन चालकों की मनमानी के कारण दोपहर एक बजे तक उक्त मार्गों पर जाम ने विकराल रुप धारण कर लिया था। कई-कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। भाई की कलाई में राखी बांधने के लिए घर से निकली बहने जाम में फंस गई, जो पुलिसकर्मियों से जाम खुलवाने की गुहार लगाती दिखाई दी। बहनों की पीड़ा को देखते हुए कई बार गलत साइड से आ रहे वाहन चालकों से पुलिस की तीखी नोक-झोंक भी हुई, लेकिन सभी जल्दी में दिखाई दे रहे थे। जिसके कारण सुबह नौ बजे से लगे जाम में शाम चार बजे तक वाहनों को पहिए रेंग-रेंग कर चलते रहे। शाम करीब पांच बजे जाकर पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।