गंगा दशहरा पर नहीं कर पाए गंगा स्नान, लौट गए श्रद्धालु
पुलिस प्रशासन ने गंगा दशहरा पर्व पर गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं को गंगा स्नान की अनुमति न देते हुए उन्हें वापस कर दिया। जहां गंगा घाट की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते को बंद कर दिया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
बुलंदशहर, जेएनएन। पुलिस प्रशासन ने गंगा दशहरा पर्व पर गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं को गंगा स्नान की अनुमति न देते हुए उन्हें वापस कर दिया। जहां गंगा घाट की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते को बंद कर दिया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।
कोरोना वायरस के चलते पुलिस प्रशासन ने लोगों को संक्रमित होने से बचाने के उद्देश्य से गंगा दशहरा पर्व पर होने वाले गंगा स्नान को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया। इससे सोमवार को गंगा दशहरा पर्व पर क्षेत्र के गांव कर्णवास स्थित गंगा घाट पर स्नान को आने वाले स्थानीय सहित दूर दराज के हजारों श्रद्धालुओं को बिना स्नान लौटना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने कर्णवास के बाजार घाट, देवत्रय घाट, मां कल्याणी घाट की ओर जाने वाले रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया। जहां गंगा स्नान को आए हजारों श्रद्धालुओं को बिना स्नान किए वापस लौटना पड़ा। तहसीलदार हीरालाल सैनी सहित चौकी इंचार्ज अनुराग भदौरिया ने पुलिस बल के साथ गंगा घाट की ओर जाने वाले लोगों को हिदायत देते हुए लौटा दिया। इसके चलते गंगा घाट सुने रहे। तहसीलदार ने बताया कि गांव के सभी गंगा घाट की ओर जाने वाले रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है ताकि कोई भी श्रद्धालु गंगा स्नान न कर सके। कहा कि दोपहर तक कर्णवास में गंगा स्नान को पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को वापस भेजा गया है।