फिर चढ़ने लगा तापमान गर्मी करने लगी परेशान
मौसम का मिजाज बिगड़ने के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट आ गई थी लेकिन अब तापमान धीरे-धीरे फिर से चढ़ना शुरू हो गया है। तीन दिन में तापमान चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। मौसम विभाग गुरुवार को फिर से मौसम बिगड़ने की संभावना जता रहा है।
बुलंदशहर, जेएनएन। मौसम का मिजाज बिगड़ने के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट आ गई थी लेकिन अब तापमान धीरे-धीरे फिर से चढ़ना शुरू हो गया है। तीन दिन में तापमान चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। मौसम विभाग गुरुवार को फिर से मौसम बिगड़ने की संभावना जता रहा है।
पिछले सप्ताह गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी थी। इसके बाद गुरुवार को मौसम में बदलाव हुआ और बारिश हुई। इसके बाद शुक्रवार और फिर शनिवार की रात में बारिश हुई। रविवार की सुबह में भी जिले में कुछ स्थानों पर बारिश हुई। 44 डिग्री सेल्सियस से गिरकर तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था लेकिन अब पिछले तीन दिन से तापमान एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो गया है। बढ़ते-बढ़ते बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग गुरुवार को फिर से मौसम बिगड़ने की संभावना जता रहा है। केवीके के मौसमविद् रामानन्द पटेल का कहना है कि केरल में मानसून पहुंचने वाला है। पश्चिमी यूपी में चार और पांच जून को बारिश होने और बादल आने की संभावना है। सीएमएस डा. दिनेश कुमार का कहना है कि तापमान में जब उतार-चढ़ाव चल रहा हो तो स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरुरत है। इस समय तो वैसे भी महामारी चल रही है। इसलिए बदलते तापमान में सावधानी बरतने की जरुरत है।