दरोगा पर घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप, SSP ने किया लाइन हाजिर Bulandshahr News
UP Police के एक दरोगा पर महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। साथ ही दरोगा ने महिला से अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। पहासू थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक महिला रक्षाबंधन के मौके पर अपने मायके आई हुई थी। आरोप है कि शुक्रवार देर रात पहासू थाने में तैनात एक दरोगा उनके घर में घुस आया। जिसके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी भी नहीं थी। आरोप है कि दरोगा ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। साथ ही महिला से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे जिस्मफरोशी के धंधे में संलिप्त बताया।
एसएसपी ने जांच सीओ को सौंपी
दरोगा की इस करतूत के बाद महिला और उसके परिजन सहमे हुए हैं। हालांकि महिला ने अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। उधर, थाना प्रभारी महेश राठौर से जब इस मामले में बात की गई तो उन्होंने बताया कि घर में गलत कार्य होने की सूचना मिली थी। जिसके चलते पुलिस दबिश देने गई थी। इस बीच मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने दरोगा सतपाल को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच सीओ को सौंप दी है। वहीं दरोगा ने कोतवाल पर फंसाने का आरोप लगाया है।