विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर हत्या का मुकदमा
दहेज की खातिर विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर विवाहिता के मायके पक्ष के लोग शव को लेकर एसएसपी आफिस पर पहुंच गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
बुलंदशहर, जेएनएन। दहेज की खातिर विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, विवाहिता के मायके पक्ष के लोग शव को लेकर एसएसपी आफिस पर पहुंच गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव चरौरा मुथपाबाद निवासी हुकुम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री काजल (22) की शादी दो वर्ष पहले खुर्जा के सुभाष मार्ग निवासी भोला के साथ की थी। आरोप है कि दिए गए दान-दहेज से विवाहिता के ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। साथ ही अतिरिक्त दहेज में बाइक और पैसों की मांग करते रहते थे। इस संबंध में काजल मायके पक्ष के लोगों को जानकारी देती थी। शुक्रवार शाम को भोला ने फोन करके जानकारी दी कि काजल की मृत्यु हो गई है। सूचना पर हुकुम सिंह और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। जहां उन्हें काजल का शव बेड पर पड़ा मिला। आरोप है कि दहेज की खातिर काजल की फांसी लगाकर हत्या की गई है। मायके पक्ष की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में सीओ गोपाल सिंह ने बताया कि तहरीर पर आरोपित पति भोला, जेठ मोनू और जेठानी आशा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी आफिस पर शव लेकर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने बताया कि उन्हें थाना पुलिस पर विश्वास नहीं है। इसलिए वह एसएसपी से निष्पक्ष कार्रवाई चाहते हैं। उन्होंने मांग की है कि आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।