चीनी के गिरे दाम, फिर भी दुकानों पर अलग-अलग रेट; ग्राहकों और विक्रेताओं के बीच हो रही कहासुनी
Bulandshahr News: बुलंदशहर में थोक में दाम गिरने के बावजूद दुकानों पर अलग-अलग दरों पर चीनी बिक रही है, जिससे ग्राहकों को परेशानी हो रही है।

HighLights
थोक में चीनी के दाम गिरे, खुदरा में अलग-अलग रेट।
बुलंदशहर में 56 से 58 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही चीनी।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। चढ़ने के बाद चीनी के भाव कम भी हो गए हैं, लेकिन दुकानों पर आज भी अलग-अलग दामों पर चीनी बेची जा रही है। ऐसे में कहीं 56 तो कहीं 58 रुपये प्रति किलोग्राम तक चीनी की बिक्री हो रही है। भाव की असमानता के कारण ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
चीनी की उपलब्धता को लेकर आशंका पैदा हुई तो थोक उपभोक्ताओं और कारोबारियों ने जरूरत से ज्यादा चीनी खरीदकर रख ली। इससे बाजार में उपलब्ध स्टाक घट गया और दाम तेजी से बढ़ने लगे। लगभग डेढ़ माह पहले चीनी के दामों में भारी उछाल हुआ। 44-45 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चीनी की कीमत अचानक से 70 रुपये प्र्रति किलोग्र्राम तक पहुंच गई, लेकिन सरकार के हस्तक्षेप के बाद बाजार पलट रहा है।
बाजार में जमा अतिरिक्त स्टाक निकलने और नई खरीद कमजोर पड़ने से अब यह फिर से दामों में गिरावट होने लगी है। हालांकि दुकानों पर पुराना महंगा स्टाक है। इस कारण दुकानदार अभी लागत से नीचे बेचने के बजाय पुराना भाव पर चीनी बेच रहे हैं।
भूड़ चौराहे के पास चीनी की दुकान पर दाम 56 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। चांदपर रोड स्थित दुकान पर 58 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से चीनी विक्रय होती मिली। कुछ इसी प्रकार की स्थिति चौक बाजार, साठा, देवीपुरा आदि क्षेत्र में देखी गई।
यह भी पढ़ें- UP पुलिस के डायल-112 पर तैनात कर्मियों को राहत, 12 की जगह अब आठ घंटे की ड्यूटी; तीन शिफ्टों में बंटा काम
भाव की इस असमानता के कारण ग्राहक और दुकानदारों के बीच कहासुनी की शिकायत भी मिली। विक्रेताओं ने बताया कि थोक बाजार से जिस भाव में चीनी खरीदी गई, उसके अनुसार ही रिटेल में बेची जा रही है। हालांकि पिछले सप्ताह के मुकाबले दामों में गिरावट हुई है।
