आमजन के सहयोग से ही मिलेगी सफलता
कानून का पालन कराने के लिए आमजन का सहयोग बहुत जरूरी है। सहयोग के बिना जनता पर नियम या कानून को थोपा नहीं जा सकता है। यह बात मंगलवार को यातायात इंस्पेक्टर ने व्यापारियों को बताई।
बुलंदशहर, जेएनएन। कानून का पालन कराने के लिए आमजन का सहयोग बहुत जरूरी है। सहयोग के बिना जनता पर नियम या कानून को थोपा नहीं जा सकता है। यह बात मंगलवार को यातायात इंस्पेक्टर ने व्यापारियों को बताई। उन्होंने दैनिक जागरण के यातायात नियम-2019 जागरूकता अभियान को संबोधित किया।
शहर के आचमन होटल में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में व्यापारियों व उद्यमियों को यातायात इंस्पेक्टर कुलवीर सिंह राणा ने संबोधित किया। उन्होंने एक सितंबर से लागू हुए यातायात के नए नियम व उनके तोड़ने पर लगने वाले जुर्माने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ लोग नियम तोड़कर यह नहीं समझते कि उनकी इस हरकत से केवल उनको ही नुकसान नहीं हुआ है, बल्कि अन्य लोग भी प्रभावित होते हैं। अगर कोई वाहन चालक अपनी कतार में न चलते हुए विपरीत कतार में चलता है तो लाजमी है कि जाम लग जाएगा। ऐसे में अगर कोई एंबुलेंस जाम में फंस जाती है तो उसमें सवार मरीज के साथ कुछ भी हो सकता है। इस तरह से उन्होंने कई उदाहरण प्रस्तुत कर व्यापारियों को यातायात नियम का पालन करने की अपील की।
नियमों का करो पालन, निभाओ जिम्मेदारी
यातायात इंस्पेक्टर ने कहा कि कानून लागू कराकर पुलिस या प्रशासन आमजन को ही सहयोग करता है। ऐसे में आमजन की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह यातायात के नियमों को लेकर सहयोग करे। तभी संभव हो सकेगा कि शहर में जाम या सड़क दुर्घटनाओं आदि न हों। इस दौरान कई व्यापारियों ने यातायात इंस्पेक्टर से प्रश्न पूछे। उन्होंने प्रश्नों के सहजता से जवाब देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया। कार्यक्रम में विजय गुप्ता, अमित शर्मा, सुभाष, नीरज प्रताप सिंह, मुदित राणा, अशोक गिरी, धीरज अरौरा, नवीन पाठक, अमित सिंह, दीपक शर्मा, होराम सिंह, चिराग, जितेंद्र आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।