ऊपरकोट मोहल्ले में घरों की छत से हटवाए पत्थर
शहर कोतवाली क्षेत्र के ऊपरकोट मोहल्ले में शनिवार की सुबह नगर पालिका की टीम ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ पहुंची। यहां उन्होंने नालियों में पड़े ईट-पत्थरों को भरा। जिसके बाद शहर के बाहर एक मैदान में पत्थरों को फेंका गया।
बुलंदशहर, जेएनएन। शहर कोतवाली क्षेत्र के ऊपरकोट मोहल्ले में शनिवार की सुबह नगर पालिका की टीम ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ पहुंची। यहां उन्होंने नालियों में पड़े ईट-पत्थरों को भरा। जिसके बाद शहर के बाहर एक मैदान में पत्थरों को फेंका गया।
शुक्रवार रात बवाल थमने के बाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने ऊपरकोट मोहल्ले का दौरा किया था। उन्होंने देखा कि नालियों में और घरों के बाहर भी पत्थरों के ढेर पड़े हैं। इसके बाद डीएम ने नगर पालिका ईओ को इन पत्थरों को हटाने के आदेश दिए। वहीं शनिवार को ड्रोन कैमरों की मदद से मकानों की छतों को देखा गया। ऊपरकोट मोहल्ले के चार मकानों की छतों पर ड्रोन की मदद से पत्थर देखे गए। छत पर पुलिस को भेजा गया तो मकान मालिकों ने बताया कि उनके मकान पर कार्य चल रहा है। इसलिए ईट रखी गई है। सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि छतों पर रखी ईटों को नीचे रखवाया।
इन लोगों को किया गया गिरफ्तार
सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि कस्सावान निवासी भजलू रहमान, मोहल्ला कुरेशियान फरीदनगर मोदीनगर निवासी रिजवान, नीमखेड़ा निवासी आस मोहम्मद, राशिद, सलीम, कस्सावान निवासी मोहम्मद फाजिल, इस्लामनगर निवासी मोहम्मद शमी, हात्माबाद निवासी फरमान, जहीर, अकरम को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया।