सुरक्षित चलो, सुरक्षित रहो, यातायात के नियमों का पालन करो
यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए जुर्माना राशि में भारी इजाफा किया है।
बुलंदशहर, जेएनएन: यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए जुर्माना राशि में भारी इजाफा किया है। आमजन जुर्माना राशि को लेकर अभी असहज है। ऐसे में दैनिक जागरण ने आमजन को जागरूक करने और खासकर युवाओं को नियमों को समझने और पालन को प्रेरित करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। गुरुवार को इसी संबंध में एसबीएमटी कालेज में कार्यशाला का आयोजन कराया।
यातायात नियम-2019 के नियमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए दैनिक जागरण ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत गुरुवार को खुर्जा रोड स्थित एसबीएमटी कालेज में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आए उप संभागीय विभाग के पीटीओ (पैसेंजर टैक्स आफिसर) मनोज कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को यातायात के नये व पुराने नियमों की जानकारी दी। उन्होंने नये नियमों के उल्लंघन पर किए जाने वाले जुर्माने की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने शिक्षक स्टाफ व विद्यार्थियों को यातायात के नियमों का हमेशा पालन करने की शपथ भी दिलाई।
- विद्यार्थियों के प्रश्न व पीटीओ के उत्तर
प्रश्न- पुराने नियम हटाकर नये नियमों को सरकार ने क्या समझकर लागू किया है? -सादिया, छात्रा
उत्तर- पुराने नियमों को तोड़ने पर मामूली जुर्माना लगाता था। सौ या दो सौ रुपये की धनराशि को आजकल लोग बड़ी धनराशि नहीं समझते हैं। वह जुर्माना भरने के बाद भी नियम तोड़ते रहते हैं। भारी धनराशि भरने के बाद वह गलती का दोहराव नहीं करेंगे।
--
प्रश्न- सरकारी कर्मचारियों पर क्यों लागू नहीं होते यातायात के नियम? पुलिस कर्मी एक बाइक पर तीन और बिना हेलमेट चलते हैं। - स्वाति, छात्रा
उत्तर- कानून सबके लिए बराबर है। फिर चाहे सरकारी या सामान्य व्यक्ति ही क्यों न हो। सरकारी कर्मचारी भी अगर यातायात के नियम तोड़ते हैं तो उनके खिलाफ भी बराबर कार्रवाई की जाएगी।
----
प्रश्न: विद्यार्थियों के ड्राईविग लाइसेंस आसानी से बन जाएं, इसके लिए कोई सुविधा है क्या? - दीप्ती, छात्रा
उत्तर:- अब लाइसेंस की प्रक्रिया आनलाइन होती है। इसके लिए कार्यालय के बाहर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। आसानी से आवेदन करके लाइसेंस बनवाए जा सकते हैं।