खुर्जा में जिम संचालक को गोली मारी, गंभीर
बॉडी बिल्डिंग में 'मिस्टर इंडिया' का खिताब जीतने वाले जिम संचालक को दो हमलावरों ने गोली मार दी।
खुर्जा (बुलंदशहर) : बॉडी बिल्डिंग में 'मिस्टर इंडिया' का खिताब जीतने वाले जिम संचालक को दो हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खुर्जा जंक्शन निवासी विकास कौशिक पुत्र मोहन लाल ने वर्ष 2018 में बिहार के गया में आयोजित बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में 'मिस्टर इंडिया' का खिताब जीता था। कालेज रोड पर मोहल्ला नई बस्ती में उनका जिम है। रविवार रात करीब 10 बजे विकास जिम पर थे। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने विकास पर गोली चला दी। हमलावरों ने छह राउंड फायर किए। विकास की नाक के निकट, कंधे और घुटने पर गोली लगी।
आसपास के लोग जिम की तरफ दौड़े और विकास को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। सीओ गोपाल ¨सह, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चंद्रलोक कालोनी निवासी आरोपित पुष्पेंद्र को नामजद करते हुए एक अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।