हाईकोर्ट के आदेश पर खुले न्यायालय, कम संख्या में पहुंचे लोग
हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को सशर्त न्यायालयों को खोल दिया गया है। शुक्रवार को लोगों को कम जानकारी होने के कारण केवल अधिवक्ता ही कोर्ट परिसर में नजर आए। न्यायालय में न्यायाधीशों के बैठने से पहले न्यायालय परिसर को सैनिटाइज कराया गया। अनुमान है कि सोमवार से न्यायालय में लोगों की भीड़ आनी शुरू होगी क्योंकि शनिवार को भी लोग कम ही आने की उम्मीद है और रविवार को छुट्टी रहेगी।
बुलंदशहर, जेएनएन। हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को सशर्त न्यायालयों को खोल दिया गया है। लोगों को कम जानकारी होने के कारण केवल अधिवक्ता ही कोर्ट परिसर में नजर आए। न्यायालय में न्यायाधीशों के बैठने से पहले न्यायालय परिसर को सैनिटाइज कराया गया। अनुमान है कि सोमवार से न्यायालय में लोगों की भीड़ आनी शुरू होगी।
लॉकडाउन के चलते 25 मार्च से हाईकोर्ट के आदेश पर सभी न्यायालयों को भी बंद कर दिया गया था। हाईकोर्ट के सशर्त आदेश के बाद जनपद न्यायाधीश नीलकंठ सहाय के निर्देश पर सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय समेत सभी विशेष क्षेत्राधिकार रखने वाले न्यायालय जैसे विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट, विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट, विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट एवं विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट खोले गए। इसके अलावा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सिविल जज प्रवर खंड, सिविल जज अवर खंड न्यायालय कक्ष संख्या एक, सिविल जज अवर खंड न्यायालय कक्ष संख्या दो भी खोले गए। पहले दिन न्यायालय परिसर में केवल न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता ही नजर आए। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुमन सिंह राघव ने बताया कि शुक्रवार को न्यायालय तो खुले, लेकिन सभी न्यायिक अधिकारी और कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने शारीरिक दूरी का पालन किया और मास्क का प्रयोग किया।