विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी सियासत में चमकीं UP की बेटी सबा हैदर, पूर्व CM अखिलेश यादव ने दी बधाई

By Girish Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 21 Nov 2026 06:00 PM (IST)

Saba Haider: बुलंदशहर के औरंगाबाद की मूल निवासी सबा हैदर ने अमेरिका के इलिनोइस राज्य में स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीता है। उनकी इस जीत पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें बधाई दी है।

सबा हैदर और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। फाइल फोटो

सबा हैदर और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव। फाइल फोटो  

HighLights

  1. सबा हैदर ने अमेरिका के इलिनोइस में स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीता।

  2. बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद नगर की मूल निवासी हैं सबा हैदर।

संवाद सूत्र, औरंगाबाद (बुलंदशहर)। पिछले दिनों अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में जिले के औरंगाबाद नगर की मूल निवासी सबा हैदर ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अमेरिका के इलिनोइस राज्य के 84वें डिस्ट्रिक्ट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीतकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

सबा हैदर को 71 फीसदी वोट मिले। उन्होंने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को बड़े अंतर से पराजित किया। वह पिछले लगभग 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ अमेरिका के इलिनोइस में रह रही हैं। इससे पहले वह काउंटी बोर्ड की सदस्य के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। सबा हैदर की इस शानदार उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में सबा हैदर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानव कल्याण और समाज सेवा के लिए समर्पित उनके कार्यों की निरंतरता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।

अखिलेश यादव की ओर से मिली इस बधाई के बाद सबा हैदर एक बार फिर क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई हैं। इस उपलब्धि से उनके पैतृक कस्बे औरंगाबाद में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों के लिए यह बेहद गौरवपूर्ण क्षण है कि उनके कस्बे की बेटी ने सात समंदर पार अमेरिका की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

लोगों का कहना है कि सबा हैदर की यह जीत इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। अमेरिका में अपनी पहचान बनाने वाली औरंगाबाद की इस बेटी को मिल रही बधाइयों से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अमेरिका में औरंगाबाद की बेटी का परचम लहराना और अखिलेश यादव की ओर से मिली बधाई ने इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।