राम ने किया रावण का वध, बाण से पुतला दहन
बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में मनाया जाने वाले पर्व विजयादशमी पर जिलेभर में श्रीराम और रावण के बीच युद्ध की लीलाओं का मंचन किया गया। मंचन के दौरान रावण के वध के साथ ही खुले मैदान में खड़े रावण परिवार के पुतलों को भी दहन कर दिया गया।
बुलंदशहर, जेएनएन। बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में मनाया जाने वाले पर्व विजयादशमी पर जिलेभर में श्रीराम और रावण के बीच युद्ध की लीलाओं का मंचन किया गया। मंचन के दौरान रावण के वध के साथ ही खुले मैदान में खड़े रावण परिवार के पुतलों को भी दहन कर दिया गया। बुलंदशहर के साथ जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर आयोजित रामलीला मंचन और मेलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
जय श्री राम के जयकारों के बीच राम और रावण सेना के बीच युद्ध की लीला और बाद में श्री राम द्वारा रावण के वध करने के मंचन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। बुलंदशहर का नुमाइश मैदान हो या खुर्जा का रामलीला मैदान सभी जगह एक जैसा ही उत्साह नजर आया। रामलीला के मंच पर कलाकारों ने जहां रामायण के पात्रों को आत्मसाद कर अपनी भूमिका में जान डाल दी। रावण ने ललकार कर जहां राम को चुनौती दी, वहीं श्रीराम ने भी अपने बाणों ने रावण की हर बात का जवाब दिया। उधर, हनुमान और लक्ष्मण के किरदार भी युद्ध के मैदान में अपनी वीरता को कौशल दिखाते नजर आए। कलाकारों की इस जीवंत कला को देखने के लिए गांव-देहात और शहर के विभिन्न मोहल्लों से आए दर्शक रोमांचित नजर आए। राम-रावण के युद्ध से पहले हुए संवाद के दौरान कई मौके ऐसे भी जब दर्शक भी खुद को जय श्री राम का जयघोष करने से नहीं रोक सके। इसके बाद मैदान में अपनी सेनाओं के साथ उतरना और युद्ध की लीला का मंचन देखकर दर्शक काफी उत्साह में नजर आए।
मेलों में उमड़ी भीड़, जमकर हुई खरीदारी
रामलीला मैदान में लगे मेलों में लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों ने जहां खिलौने खरीदें, वहीं चाट-पकौड़ी का भी आनंद लिया। मैदान में लगे झूलों पर झूलने के लिए भी कतार लगी।