भाजपा के झूठे वादों का जवाब देगी जनता : अतुल प्रधान
सपा छात्र सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान ने भाजपा पर जनता से झूठे वायदों का आरोप लगाया। उन्होंन कहा आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
स्याना : सपा छात्र सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान ने भाजपा पर जनता से झूठे वायदों का आरोप लगाते हुए कहा कि आगमी लोकसभा चुनावों में जनता जवाब देगी।
गुरुवार की शाम तहसील क्षेत्र के ग्राम सौझना रानी से शहीद ब्रह्मापाल भाटी की प्रतिमा के अनावरण समारोह से लौटते समय नगर के मोहल्ला चौधरियान में सपा नगराध्यक्ष बबलू चौधरी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए अतुल प्रधान ने कहा कि भाजपा ने देश की भोली भाली जनता को झूठे वायदों का झांसा देकर सरकार बनाई है। आज देश में किसानों का गन्ना भुगतान ना होने से किसान भुखमरी के कगार पर खड़ा है। सरकार गाय और गंगा के नाम पर वोटों की राजनीति कर रही है। जब तक शहरों के गंदे नालों का पानी गंगा में जाने से नहीं रोका जायेगा। तब तक ये लोग गंगा को स्वच्छ नहीं कर पाएंगे। आरोप लगाया कि चुनाव के नजदीक आते ही भाजपा के नेता मंदिर का राग अलापने लगते है। सरकार अपने किये किसी भी वायदे पर खरी नहीं उतरी है। जिसका जबाव जनता आगामी लोकसभा चुनावों में देगी। इस दौरान नगराध्यक्ष बबलू चौधरी, अजय लोधी, इस्लाम मेवाती, आशीष जाटव, इसरार चौधरी, ईश्वर लोधी, तारिक मेंबर, नावेद व बड्डू कुरैशी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।