बहुरूपिये हैं भाजपा वाले: जयंत चौधरी
अनूपशहर रोड पर आयोजित गठबंधन की रैली में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने यहां भाजपा पर निशाना साधा और चौधरी चरण सिंह को यादकर युवाओं से गठबंधन को वोट देने की अपील की।
बुलंदशहर: गठबंधन की जनसभा में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी किसान की मेहनत के बारे में नहीं जानते। वो बागपत में आकर कहते हैं कि इतना गन्ना मत लगाया करो, गन्ने से डायबिटीज हो जाती है। लेकिन आज की सभा की भीड़ देखकर भाजपा वालों का डायबिटीज के साथ ब्लड प्रेशर भी बढ़ गया होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा वाले बहुरूपिए हैं। पांच साल पहले ये चायवाले बनकर आए थे। इनकी चाय फीकी थी। उसमें चीनी नहीं थी। ये पकौड़ों की बात करते हैं, लेकिन उसमें नमक नहीं था। अब ये चौकीदारी की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां गठबंधन का चुनाव चिन्ह हाथी है। समाजवादी इसका सारथी है। गठबंधन के साथ लोकदल के किसानों की लाठी है। अगली सरकार किसकी बनेगी यह यहां की जनता को तय करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सफाईकर्मियों के पैर धोते हैं, लेकिन चार माह तक उनको वेतन नहीं मिलता है। कहा कि मोदी और योगी का घर बसा नहीं, इसीलिए वह नौकरी न देकर युवाओं का घर नहीं बसने दे रहे हैं। उन्होंने चौधरी चरण सिंह को याद कर लोगों से गठबंधन के लिए वोट मांगे।