गरीबों के हक पर डाका डालने वाले अफसर जाएंगे जेल: योगी
सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज के हर वर्ग की बात की।
बुलंदशहर, जेएनएन। सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज के हर वर्ग की बात की। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप लगाकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। गरीबों के हक पर डाका डालने वाले अफसरों को जेल भेजने की चेतावनी भी दी।
गुरुवार दोपहर करीब सवा 12 बजे नुमाइश मैदान में आयोजित जनसभा में योगी ने अपनी बात भाजपा के विधायक रहे दिवंगत वीरेंद्र सिंह सिरोही से शुरू की। कहा कि हम सब वीरेंद्र सिंह सिरोही की स्मृति का ताजा करने और उनके विकास के अधूरे सपने को पूरा करने के लिए एकत्र हुए हैं। सीएम ने कैराना और कांधला का जिक्र करते हुए कहा कि अब ऐसा नहीं होगा। अब व्यापारियों व किसानों की संपत्ति कब्जाने वालों के घर पर बुलडोजर चल रहा है। बदमाश जान की भीख मांगते फिर रहे हैं। योगी ने कहा कि लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के नाम पर सिर्फ राजनीति की है। चौधरी साहब के सपने को भाजपा ने साकार किया है। योगी ने श्रीराम मंदिर निर्माण, किसान, नौजवान, रोजगार, सुरक्षा का भी जिक्र किया। भ्रष्टाचार पर कार्रवाई के साथ ही जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं पर बात की। सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे चौधरी किरनपाल सिंह को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी वाल्मीकि और शोषित समाज के लिए लगातार काम कर रहे हैं। अलीगढ़ में बनवा रहे विश्वविद्यालय
योगी ने कहा कि अलीगढ़ में विवि के लिए राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने सारी संपत्ति दान कर दी लेकिन अलीगढ़ मुस्लिम विवि में पिछड़ी और अनुसूचित जाति के नौजवानों को न नौकरी मिली और न ही प्रवेश में आरक्षण। अब सरकार उसी अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर विवि बनाने का काम कर रही है। पीएफआइ से मिलते हैं एक नेता
योगी ने बिना नाम लिए कहा कि एक पार्टी के पूर्व अध्यक्ष केरल में पीएफआइ (पापुलर फ्रंट आफ इंडिया) के नेताओं से मिलने जाते हैं। जबकि पीएफआइ देश में दंगों की श्रृंखला खड़ी करना चाहता है। कांग्रेस और सपा की सहानुभूति ऐसे लोगों से है जो देश का विभाजन करना चाहते हैं।