अब बुलंदशहर में होमगार्ड ड्यूटी में घोटाला, प्लाटून कमांडर और कंपनी कमांडर के खिलाफ मुकदमा Bulandshahr News
बुलंदशहर जिले में भी होमगार्ड ड्यूटी में घोटाला मिला है। एसएसपी के आदेश पर एसपी सिटी ने अभी तीन चार थानों की जांच की है।
बुलंदशहर, जेएनएन। नोएडा के बाद अब बुलंदशहर जिले में भी होमगार्ड ड्यूटी में बड़ा घोटाला मिला है। जिस थाने में पांच होमगार्ड की ड्यूटी लगाई जा रही है, मस्टररोल में 10 की दिखाई जा रही थी। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव की जांच में यह गोलमाल सामने आया है। हालांकि अभी जांच चल रही है। यह जांच केवल तीन से चार थानों और एक बैंक की हुई है। एसपी सिटी ने फिलहाल होमगार्ड विभाग के प्लाटून कमांडर, कंपनी कमांडर के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि मुकदमे में अभी नाम किसी का नहीं खोला गया है।
टीम की गई थी गठित
एसपी सिटी का कहना है कि जैसे ही नाम सामने आएंगे, वैसे ही नामजद कर लिया जाएगा। नोएडा होमगार्ड ड्यूटी घोटाले की गूंज पूरे प्रदेश में गूंजी थी। जिसकी जांच अभी भी चल रही है। कई होमगार्ड अधिकारी और कर्मचारी जेल भी जा चुके हैं। नोएडा कांड के बाद मेरठ जोन के आइजी आलोक सिंह के आदेश पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बुलंदशहर में भी होमगार्ड विभाग की जांच के लिए एक टीम गठित की थी। जिसके नोडल अधिकारी पहले एसपी क्राइम शिवराम यादव को बनाया गया था। बाद में यह जांच एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव को दे दी थी।
इस तरह हुआ घोटाला
एसपी सिटी ने बताया कि अभी तक उन्होंने शिकारपुर, स्याना और खानपुर थाने में होमगार्ड की लगने वाली ड्यूटी की जांच की है। जिसमें सामने आया है कि इन तीनों थानों में रोजाना 25 होमगार्ड की ड्यूटी जाती है। जबकि मस्टररोल 35 से अधिक का बनाया जाता है। वहीं, तीन होमगार्ड की ड्यूटी एक बैंक में लगती है, जबकि मस्टररोल में इन्हीं होमगार्ड की ड्यूटी स्याना थाने में भी दिखा रखी है। एसपी सिटी ने बताया कि फिलहाल उन्होंने एक जनवरी 2019 से अब तक रिकॉर्ड देखना शुरू किया है। जब पिछले कुछ सालों की जांच होगी तो यह घोटाला नोएडा से भी बड़ा निकल सकता है।
इनका कहना है
हमने एसपी सिटी से जांच कराई तो होमगार्ड ड्यूटी में फर्जीवाड़ा सामने आया है। अभी यह साफ नहीं हो सकता है कि घोटाला किसने किया है। फिलहाल कंपनी कमांडर, प्लाटून कमांडर और अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। अभी जांच चल रही है। जल्द ही बड़ा राजफाश करेंगे।
- संतोष कुमार, एसएसपी