पशु चिकित्सालय और बीज संयंत्र गोदाम के निर्माण में हो रही लापरवाही, इन दो अधिकारियों को नोटिस Bulandshahr News
बुलंदशहर के जिलाधिकरी रविंद्र कुमार ने जानकारी लेते हुए दो अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। कहा कि अभी तक पशु चिकित्सालय निर्माण में लापरवाही बरती गई है।
बुलंदशहर, जेएनएन। पशु चिकित्सालय व बीज संयंत्र गोदाम के कार्य में लापरवाही को देखते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने दो अधिकारियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि वे जल्द से जल्द कार्य को पूरा कराएं।
गत 7 मार्च को जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की समीक्षा की थी। इसमें दो अधिकारियों उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के अधिशासी अभियंता लालचंद और उमेश शुक्ला से इस लापरवाही का स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही चेतावनी दी है कि वे इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराएं। दरअसल जिले में चार पशु चिकित्सालय का निर्माण होना था 20 फरवरी तक यह कार्य पूर्ण किया जाना था लेकिन चारों ही निर्माण कार्यों में लापरवाही बरती गई और समय अवधि पर काम नहीं किया गया। इनकी प्रगति रिपोर्ट 60 से 80% तक है।
40 लाख रुपये से हो रहा पशु चिकित्सालय का निमार्ण
बुलंदशहर ब्लाक के हसनपुर नैथला अगौता, नरोरा व झाझर में पशु चिकित्सालय का निर्माण होना है। प्रति पशु चिकित्सालय की लागत 40 लाख से अधिक है। लेकिन अभी तक इस कार्य में तेजी नहीं दिख रही है। इसी संबंध में जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए इन अधिकारियों से जवाब मांगा है।
बीज संयंत्र के लिए 6 करोड की लागत
बीज संयंत्र गोदाम के पूरा होने पर कार्यदाई संस्था के उमेश शुक्ला को भी नोटिस जारी किया गया है। 6 करोड रुपए रिलीज होने के बाद भी बीज संयंत्र गोदाम का कार्य समयावधि पर नहीं किया गया। जिलाधिकारी का कहना है कि इस संबंध में जानकारियां जुटाई जा रही है।