सिकंदराबाद ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
सिकंदराबाद ब्लॉक प्रमुख पद को लेकर एक बार फिर राजनीति गर्माने वाली है। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ बीडीसी सदस्यों ने मार्चा खोल दिया है।
बुलंदशहर, जेएनएन : सिकंदराबाद ब्लॉक प्रमुख पद को लेकर एक बार फिर राजनीति गर्माने वाली है। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ बीडीसी सदस्यों ने मार्चा खोल दिया है। सदस्यों ने डीएम को ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंप कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को सिकंदराबाद के बीडीसी सदस्य कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख मनीष भाटी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि न तो विधिवत बैठकें हो रही हैं और न ही विकास। कार्रवाई के नाम पर केवल रजिस्ट्रर में फर्जी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं और विकास कार्य में भ्रष्टाचार हो रहा है। सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख पर अपमानित करने का भी आरोप लगाया। बाद में डीएम रविन्द्र कुमार को बीडीसी सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। जिसमें ब्लॉक में बैठक की तिथि निश्चित कराने की मांग की। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर पुष्पेंद्र भाटी, रनवीर भाटी, अजय, सिंहराज समेत अन्य बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।
------
11 माह बाद ही प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
सिकंदराबाद ब्लॉक प्रमुख पद दो दिग्गजों की प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। पुष्पेंद्र भाटी व मनीष भाटी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। जिसमें सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र भाटी ने जीत हासिल की थी। भाजपा में शामिल होने के बाद मनीष भाटी ने पुष्पेन्द्र भाटी के खिलाफ बिगुल फुंक दिया। पुष्पेंद्र भाटी के 20 अप्रैल 2018 को अविश्वास प्रस्ताव पास हुआ। 15 सितंबर को मतदान के बाद एक वोट से मनीष भाटी ने जीत हासिल कर ब्लॉक प्रमुख पद पर कब्जा जमाया। अब 11 माह बाद ही मनीष भाटी के खिलाफ बीडीसी सदस्यों को एकजुट कर पुष्पेंद्र भाटी गुट ने फिर से अविश्वास प्रस्ताव की मुहिम शुरू कर दी है।
--
इन्होंने कहा ..
उन पर जो भी आरोप लगाए हैं, वह बेबुनियाद हैं। उनके कार्यकाल में गांवों में विकास पटरी पर लौटा है। उन्हें बीडीसी सदस्यों का समर्थन प्राप्त है।
- मनीष भाटी, ब्लॉक प्रमुख सिकंदराबाद