रजवाहों को सफाई का इंतजार
बुलंदशहर, जेएनएन। भीषण गर्मी के दिन अब आखिरी पड़ाव पर है, बरसात आने को है। नहर विभाग की अनदेखी के चलते गंदगी और घास से अटे पड़े क्षेत्र के रजवाहों को सफाई का इंतजार है। बारिश होने पर रजवाहों की सफाई संभव नहीं है। इससे किसान परेशान है।
क्षेत्र से गुजरने वाले मांकड़ी और पलवाडे रजवाहे की पिछले साल सफाई करायी गयी थी। इसके बाद रजवाहे गंदगी और घास से फिर से अट गए हैं। किसान रामभूल सिंह, राजवीर सिंह चौहान, प्रवीन कुमार, कुंवरपाल सिंह ने बताया कि मई और जून माह में रजवाहों की सफाई की जाती है। जून माह समाप्त होने को है। जुलाई से बारिश शुरू होने की संभावना मौसम वैज्ञानिक जता रहे हैं। यदि जुलाई में बारिश शुरू हुई तो तय है रजवाहों की सफाई नहीं हो पाएगी। सिंचाई विभाग के अधिकारी रजवाहों की सफाई कराने को गंभीर नहीं दिखे। इससे किसानों गुस्से में है। उन्होंने डीएम से तत्काल रजवाहों की सफाई कराने की मांग की है।