मामूली कहासुनी पर घर में घुसकर मां-बेटी को पीटा
मामूली कहासुनी होने पर तीन आरोपितों ने मां-बेटी को पीटकर घायल कर दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ भी की। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी है।
बुलंदशहर, जेएनएन। मामूली कहासुनी होने पर तीन आरोपितों ने मां-बेटी को पीटकर घायल कर दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ भी की। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के सुभाष मार्ग स्थित एक मोहल्ला निवासी महिला और उसकी 17 वर्षीय पुत्री बुधवार शाम घर पर थीं। परिवार के अन्य सदस्य किसी कार्य से पड़ोस के मकान में गए हुए थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही तीन लोग उनके घर में घुस आए। जिनसे महिला का दो दिन पहले रास्ते से निकलने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर कहासुनी करते हुए महिला से मारपीट करना शुरू कर दिया। मां से मारपीट का विरोध करने पर आरोपितों ने किशोरी को भी पीटकर घायल कर दिया। वहीं मां-बेटी के साथ अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर आरोपित फरार हो गए। परिवार के अन्य सदस्यों के पहुंचने पर पीड़ित मां-बेटी ने उन्हें घटना की जानकारी दी। जिसके बाद कोतवाली पहुंचकर आरोपितों के नामजद तहरीर दी है।