मध्य गंगनहर की पटरी टूटी, आलू की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न
लखावटी मध्य गंग नहर झाल पुल पर फाटक गिरे रहने के कारण नहर कट गई। इससे किसानों की करीब 500 बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई।
बुलंदशहर, जेएनएन। लखावटी मध्य गंग नहर झाल पुल पर फाटक गिरे रहने के कारण नहर कट गई। इससे किसानों की करीब 500 बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई।
लखावटी मध्य गंग नहर से गांव प्रेमपुर रामगढ़ के निकट झाल का पुल है। उसी पुल पर फाटक गिरने से रामगढ़ खिदरपुर रजवाहे में पानी उफान पर आ गया और पानी रजवाहे की पटरियों से उतरकर पास के खेतों में भर गया। मामला यहां तक ही नहीं पानी का तेज बहाव होने के कारण नहर और रजवाहा कट गया। रजवाहा कटने से गांव प्रेमपुर निवासी किसान छीतर सिंह और रामप्रसाद समेत कई किसानों की आलू की फसल जलमग्न हो गई। नहर कटने की सूचना पर सैकड़ों किसान एकत्रित होकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने कट्टों में मिट्टी भरकर नहर और रजवाहे के कटान को रोका। मंगलवार की सुबह नहर विभाग के कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन से नहर के कटान को मजबूत करा दिया है। किसानों ने बताया कि आलू की फसल में पानी भरने से आलू का बीज गल जायेगा। जिससे किसानों को लाखों रूपये का नुकसान होगा। पीड़ित किसानों नहर फाटक पर तैनात कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी मामले में नहर विभाग के जेई से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।