रंगबिरंगी लाइटों से सजे बाजार
रोशनी के पर्व दीपावली को लेकर बाजार गुलजार हो गए है। घरों के सजावटी सामानों के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खिलौने बताशे के साथ बर्तनों की दुकानों में भीड़ उमड़ने लगे है।
बुलंदशहर, जेएनएन: रोशनी के पर्व दीपावली को लेकर बाजार गुलजार हो गए है। घरों के सजावटी सामानों के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खिलौने बताशे के साथ बर्तनों की दुकानों में भीड़ उमड़ने लगे है। बाजारों में रौनक बनाए रखने के लिए व्यापारियों ने रंगबिरंगी झालरों से सजवाया है। भगवान गणेश और लक्ष्मी की लाइट्स एंड म्यूजिक वाली मूर्तियां खूब पसंद की जा रही हैं।
गुरुवार सुबह से शाम तक नगर के बड़ा बाजार, हनुमान चौक, चौधरीबाड़ा, कबाड़ी बाजार, वैद्याबाड़ा समेत अन्य बाजारों में खरीदारों की भीड़ लग रही। इससे नगर में कई जगह जाम की स्थिति भी बन गई। मुख्य बाजार के साथ ही गली-मोहल्लों में भी दुकानें सज चुकी हैं। उपहार और मिठाइयों के आदान-प्रदान का सिलसिला भी शुरू हो गया। धनतेरस को खरीदारी के लिए शुभ माना जाता हैं और ऐसे में बाजार में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बर्तन की दुकानें जहां सज चुकी है। लक्ष्मी पूजन की पूरी किट भी बाजार में उपलब्ध है। इसमें लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा के साथ पूजन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी हैं। इसकी कीमत 150 से एक हजार रुपये तक है।घरों को सजाने के लिए बाजार में एक बढ़कर एक आकर्षक कैंडल सजे हैं। इसमें कागज और मोतियों से बने कैंडल लोगों को खूब लुभा रहे हैं। पैराशूट कैंडल की भी खूब डिमांड हैं। फूलों, गिलास, कटोरी, दीये के रूप में रंग-बिरंगी मोमबत्तियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। ये मोमबत्तियां देर तक जलती हैं और भीनी-भीनी खुशबू भी फैलाती हैं, वो भी आपके मनपसंद फ्लेवर में। चॉकलेट, वनीला, गुलाब आदि फ्लेवर में मोमबत्तियां बिक रही हैं। भीड़ को देखते हुए नगर के मुख्य बाजार में पुलिस बल भी तैनात किया गया हैं। आने जाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही हैं। भीड़-भाड़ वाले मुख्य बाजार में बड़े वाहनों की रोक लगा दी गई हैं।