चर्च में हुई प्रभु ईसा मसीह की प्रार्थना, दी बधाइयां
बुधवार को क्रिसमस-डे बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया।
बुलंदशहर, जेएनएन: नगर में बुधवार को क्रिसमस-डे बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर ईसाई समुदाय के लोगों ने प्रभु ईसा मसीह को याद किया। साथ ही एक-दूसरे से गले मिलकर मैरी क्रिसमस बोलकर बधाई दी।
खुर्जा के तहसील मार्ग और अस्पताल मार्ग स्थित चर्च में क्रिसमस के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान ईसा मसीह के जन्मदिन के गीत गाए। साथ ही बताया कि प्रभु ईसा मसीह का जन्म एक गोशाला में हुआ था। बाल अवस्था से ही प्रभु ईसा मसीह प्रवचन करने लगे थे। चर्चों में प्रार्थना करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मैरी क्रिसमस बोलकर बधाई दी। इस दौरान दोनों चर्च पूरी तरह से सजी रही। इनमें क्रिसमस का पेड़, रंग-बिरंगी रोशनियां जगमग रहीं।