बाजारों में लॉकडाउन, सड़कों पर अनलॉक
कोरोना से जंग लड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रखा हुआ है। शनिवार को शहर के बाजारों में तो लॉकडाउन का असर दिखा लेकिन सड़कों पर नहीं। लोग सड़कों पर बेवजह निकल रहे थे। बाइक कार बड़े वाहन सबकुछ धड़ल्ले से चलते हुए दिखाई दिए।
जेएनएन, बुलंदशहर। कोरोना से जंग लड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रखा हुआ है। शनिवार को शहर के बाजारों में तो लॉकडाउन का असर दिखा, लेकिन सड़कों पर नहीं। लोग सड़कों पर बेवजह निकल रहे थे। बाइक, कार, बड़े वाहन सबकुछ धड़ल्ले से चलते हुए दिखाई दिए। पुलिस इक्का दुक्का वाहन को रोककर पूछताछ कर रही थी। यह हालात तब थे, जब जिलाधिकारी रविद्र कुमार ने खुद शहर में निकलकर पुलिस को आदेश दिए थे कि बेवजह सड़कों पर आने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करें।
यहां-यहां बरती गई लॉकडाउन में लापरवाही
शहर के काला आम चौराहे को छोड़कर कहीं पर वाहनों को नहीं रोका जा रहा है। यहां भी खुद ट्रैफिक इंस्पेक्टर शौर्य कुमार खुद वाहनों की चेकिग करते हुए नजर आए। इसके अलावा शिकारपुर बाईपास, भूड़ चौराहा, अंसारी रोड चौराहा, काली नदी रोड आदि स्थानों पर बेवजह लोग सड़कों पर वाहन लेकर घूमते हुए नजर आए। ई-रिक्शा और आटो में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हुआ।
हुई साफ-सफाई सैनिटाइज का छिड़काव
शनिवार को शहर में कई स्थानों पर नगर पालिका की दो गाड़ियों ने सैनिटाइजर का छिड़काव किया। थानों में खड़े पुराने वाहनों पर भी सैनिटाइज का छिड़काव किया गया है। इसके अलावा नगर पालिका की एक गाड़ी ने शहर का कूड़ा भी उठाया और नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने सफाई भी की।
हॉट स्पॉट पर हुई होम डिलीवरी
जिले में अब 113 हॉट स्पॉट है। यहां पर शनिवार और रविवार को जरूरतमंद दुकानें भी नहीं खुलती है। शनिवार को यहां पर जिलाधिकारी रविद्र कुमार प्रशासनिक और पुलिस अमले के साथ पहुंचे। होम डिलीवरी का जायजा लिया। इसके अलावा यहां तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सख्ती करें।
मैं खुद शहर में लॉकडाउन का जायजा लेने के लिए निकला था। पुलिस को आदेश दिए थे कि बेवजह सड़कों पर आने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करें। यदि लापरवाही बरती गई है तो संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा।
- रविद्र कुमार, जिलाधिकारी।