जीटी रोड पर गैस पाइपलाइन में लीकेज से अफरातफरी
जीटी रोड पर सड़क किनारे गैस पाइपलाइन लीकेज होने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सतर्कता के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन बंद करा दिया। वहीं जानकारी होने अडानी ग्रुप के कर्मी मौके पर पहुंच गए और गैस की सप्लाई को बंद किया। इसके बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
जेएनएन, बुलंदशहर। जीटी रोड पर सड़क किनारे गैस पाइपलाइन लीकेज होने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सतर्कता के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन बंद करा दिया। वहीं जानकारी होने अडानी ग्रुप के कर्मी मौके पर पहुंच गए और गैस की सप्लाई को बंद किया। इसके बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
सोमवार को जीटी रोड पर रफाहेआम इंटर कालेज के निकट नगर पालिका की टीम स्ट्रीट लाइट के पोल लगाने के लिए जेसीबी से गड्ढे खोदवा रही थी। जेसीबी से पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) की पाइपलाइन में लीकेज हो गई। गैस के निकलने पर नगर पालिका के कर्मी भाग निकले और आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सीओ सुरेश सिंह, एसएसआइ संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने अडानी ग्रुप के कर्मचारियों को सूचित किया और उसके बाद विद्युत सप्लाई भी बंद कराई। क्योंकि जिस स्थान पर गैस लीकेज हुई थी, वहां ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। उधर सूचना पर अडानी ग्रुप खुर्जा क्षेत्र के आपरेशन इंचार्ज सत्या महाराणा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गैस की सप्लाई बंद कराई। इसके बाद कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लीकेज को ठीक किया।
गैस लीकेज होने के दौरान पुलिसकर्मियों ने सतर्कता के चलते जीटी रोड पर वाहनों का आवागमन बंद करा दिया। गैस की सप्लाई बंद होने के बाद करीब 20 मिनट बाद वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। अडानी ग्रुप के आपरेशन इंचार्ज ने बताया कि जानकारी होते ही तुरंत गैस की सप्लाई को बंद करा दिया गया था और लीकेज भी ठीक करा दी गई है।