शहर को नई पहचान देगा लल्लाबाबू चौराहा
रोजाना जाम से जूझने वाले लल्लाबाबू चौराहा के दिन बहुरने वाले हैं। नगर पालिका इस चौराहे का चौड़ीकरण करने के साथ ही सौंदर्यीकरण भी कराएगी।
बुलंदशहर, जेएनएन। रोजाना जाम से जूझने वाले लल्लाबाबू चौराहा के दिन बहुरने वाले हैं। नगर पालिका इस चौराहे का चौड़ीकरण करने के साथ ही सौंदर्यीकरण भी कराएगी। इसका पूरा प्रस्ताव बनाकर पालिका ने शासन को भेज दिया है। बजट आते ही पालिका इस पर काम शुरू करवा देगी। इसके बाद ये चौराहा भी शहर की खास पहचान होगी।
लल्लाबाबू चौराहा शहर के प्रमुख चौराहों में से एक है, लेकिन आज तक बदहाली का दंश झेल रहा है। इस चौराहा पर आए दिन जाम लगा रहता है। चौराहे पर गंदगी का भी अंबार लगा रहता है। कई महीने पहले यहां पुलिया निर्माण के चलते खोदाई की गई जिससे चौराहा और भी ज्यादा बदहाल हो गया। कई बार इस चौराहे की समस्या बोर्ड बैठक में भी उठी, लेकिन फाइलों और प्रस्तावों में दबकर रह गई। अब पालिका चेयरमैन ने इस चौराहे का सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण करने की योजना पालिका से बनवाई है। चौराहे पर करीब 50 लाख रुपये खर्च होंगे। इस बजट से चौराहे पर एक छोटा गोल चक्कर बनेगा। फव्वारा लगाया जाएगा। नालों को कवर किया जाएगा। साथ ही डिवाइडर की मरम्मत करवाई जाएगी। चौराहे के चारों ओर हरियाली के लिए पौधारोपण किया जाएगा। फूल वाले पौधों के बड़े गमले भी लगवाए जाएंगे। पेंटिग भी करवाई जाएगी। अब शासन से बजट का इंतजार हो रहा है। बजट आते ही चौराहे पर विकास का काम तेजी से शुरू होगा और तीन माह में पूरा कर दिया जाएगा। ये लगेंगे पौधे
चौराहे से गुजरने वाले वाहन प्रदूषण छोड़ते हैं। इसका असर लोगों की सेहत पड़ता है। इसलिए पालिका प्रदूषण सोखने वाले पौधे चौराहे पर लगवाएगी। इसमें अनानस, गोल्डन पोथोस, एलोवेरा, बास्टन फर्न, नाग पौधा, लेडी पाम और सेंसेविरया प्लांट आदि पौधे लगवाएगी। फुलवारी वाले पौधे
सौंदर्यीकरण के लिए चौराहे पर पालिका गुलाब, गेंदा, फुलवारी समेत दस से अधिक प्रकार के पौधे चौराहे के चारों ओर लगवाएगी। कुछ विदेशी फुलवारी भी लगाने की योजना है। लगेंगे सांकेतिक बोर्ड
बाहर से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पालिका सांकेतिक बोर्ड लगाएगी। इसमें अंकित होगा, कि किस सड़क पर कौन-कौन से मोहल्ले हैं।
इन्होंने कहा..
शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। शासन से बजट नहीं मिलने पर पालिका राज्य वित्त से कार्य करवाएगी। लल्ला बाबू चौराहा, कालाआम चौराहा और भूड़ चौराहे के बाद खास हो जाएगा।
-मनोज गर्ग, चेयरमैन, नगर पालिका