जिदाबाद के नारों के साथ रवाना हुआ किसानों का रेला
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मुजफ्फरनगर में प्रस्तावित भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत में शामिल होने के लिए किसानों का रेला बीबी नगर बस स्टैंड से नारेबाजी के साथ रवाना हुआ।
बुलंदशहर, जेएनएन। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मुजफ्फरनगर में प्रस्तावित भारतीय किसान यूनियन की महापंचायत में शामिल होने के लिए किसानों का रेला बीबी नगर बस स्टैंड से नारेबाजी के साथ रवाना हुआ। रविवार सुबह मांगे राम त्यागी की अगुवाई में किसानों का रेला भारतीय किसान यूनियन जिदाबाद, किसान एकता जिदाबाद के नारों के साथ मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुआ। दर्जनों बसों में सवार यूनियन कार्यकर्ता व किसान स्थानीय बस स्टैंड पर एकत्र हुए तथा नारेबाजी की। इस अवसर पर मांगे राम त्यागी ने कहा कि मुजफ्फरनगर की महापंचायत ऐतिहासिक होगी। महापंचायत में कृषि विधेयकों की वापसी व एमएसपी की गारंटी के लिए आरपार की लड़ाई का ऐलान किया जाएगा। बसों में सवार होकर मुजफ्फरनगर रवाना हुए किसान
खुर्जा: मुजफ्फरनगर महापंचायत में शामिल होने के लिए शनिवार शाम और रविवार सुबह को गांव कलंदरगढ़ी, किस्वागढ़ी, सारंगपुर, मदनपुर समेत दर्जनों गांवों से किसान रवाना हुए। जंक्शन पर भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष बब्बन चौधरी के नेतृत्व में किसान एकत्र हुए और नारेबाजी की। वहीं गांव कलंदरगढ़ी में भी किसान एकत्र हुए। जहां चौधरी कल्याण सिंह और अरब सिंह ने अपने विचार रखे। जिसके बाद किसान दो बसों में सवार होकर मुजफ्फरनगर चले गए। किसानों के लिए एक घंटे तक रहा टोल फ्री
गुलावठी : रविवार को मुजफ्फरनगर में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में भाग लेने के लिए क्षेत्र के काफी संख्या में भाकियू पदाधिकारी व किसान वाहनों से गए। कुराना टोल प्लाजा पर किसानों के लिए एक घंटे तक टोल फ्री रहा। जिससे करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए शनिवार रात को ही कुछ किसान वाहनों से रवाना हुए। जबकि अधिकांश किसान व भाकियू पदाधिकारी रविवार सुबह बसों व अपने निजी वाहनों से रवाना हुए। हाईवे 334 मेरठ-बुलंदशहर मार्ग पर कुराना स्थित टोल प्लाजा पर हाफिजपुर थाने की पुलिस भारी संख्या में मौजूद रही। किसानों के वाहन बेरोकटोक टोल से गुजरे। कुराना टोल प्रबंधक जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि किसानों के वाहनों के लिए करीब एक घंटे तक टोल फ्री रहा। जिससे करीब तीन लाख रुपये का नुकसान रहा।