Ganga Mela: पांच लाख श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार है 'छोटी काशी', सजने लगी तंबुओं की नगरी
बुलंदशहर के अनूपशहर में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुँचते हैं। पालिका द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

HighLights
पुलिस बल, सीसीटीवी, बैरिकेडिंग की व्यवस्था।
2025 से इसे प्रांतीय मेले का दर्जा दिया गया।
संवाद सूत्र, अनूपशहर (बुलंदशहर)। अनूपशहर को छाेटी काशी भी कहा जाता है। यहां कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले में इस बार पांच लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। मेले की तैयारियां जोरों पर हैं।
मेले का मुख्य पड़ाव गंगा पुल के नीचे रहता है। पालिका द्वारा वहीं पर मेला की व्यवस्थाएं की जाती हैं। ब्रिटिश सरकार द्वारा मेला की व्यवस्था करने के लिए अनूपशहर को वर्ष 1904 में नोटिफाइड एरिया का दर्जा प्रदान किया गया था।
देश आजादी के बाद मेला की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार द्वारा धनराशि की व्यवस्था नहीं की गई थी, 2025 से इस मेला को प्रांतीय मेला का दर्जा दिया गया और 2 वर्ष से लगातार प्रदेश सरकार द्वारा मेला व्यवस्था के लिए धनराशि प्रदान की जा रही है।
पहले संसाधनों का अभाव था, श्रद्धालु बैलगाड़ी जैसे साधन से गंगा तट पर एक माह पूर्व जाकर डेरा डालते थे। समय परिवर्तन के साथ अब श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली, चार पहिया वाहन से एक या दो दिन पहले आकर मेला क्षेत्र में अपना तंबू लगाते हैं।
तंबू नगरिया का आकार प्रतिवर्ष सिमटता जा रहा है। युवाओं द्वारा भैंसा दौड़, ट्रैक्टर को दौड़ना जैसी घटनाओं पर पाबंदी लगाने के लिए मेला आबादी क्षेत्र तथा स्नान स्थल के बीच गहरी खाई खोदी गई है। स्नान स्थल के लिए जाने वाले मार्ग पर बेरीकेटिंग लगाई गई है, जिससे हुड़दंगी भैंसा, ट्रैक्टर को स्नान स्थल पर न ले जाएं। पालिका द्वारा मेला क्षेत्र में दो दर्जन हैंड पंप लगाए जा रहे हैं।
किंतु शौचालय अभी तक मात्र 15 बनाए गए हैं। कुछ मोबाइल शौचालय की गाड़ियां भी तैनात की जाएंगी। अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर मेला की व्यवस्था में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किंतु तंबू में तलाशी जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। पूर्व में रात्रि में दो गुटों में झगड़ा होने के बाद गोली चलने व एक बाइक में आग लगने जैसी घटना हो चुकी है।
गंगा में सुरक्षा के लिए बल्लियां गाडकर बैरिकेटिंग की गई है। यदि श्रद्धालु तरीके से स्नान करेंगे तो कोई दुर्घटना की संभावना नहीं है। किंतु बल्लियो के पार जाने से दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी। महिलाओं के स्नान के लिए 10 फीट लंबी 10 फीट चौड़ी लोहे टीन की आठ वस्त्र बदलने के अस्थाई कमरे बनाए गए हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी लगवाएं हैं। पूरे मेला क्षेत्र में साउंड सिस्टम भी कार्यरत है। मेला में लगभग 5 लाख श्रद्धालु आने की उम्मीद है। बुलंदशहर बस स्टैंड से गंगा पुल तक पहुंचकर नीचे उतरने के लिए दोनों तरफ कच्चा रास्ता बनाया गया है। गंगा की रेती में गड्ढे भरे जा रहे हैं। लगातार कई जेसीबी मशीन व्यवस्था में जुटी हुई है।
एसडीएम डॉ. मनीष कुमार मेला मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। उनके द्वारा लगातार व्यवस्थाओं पर निगरानी की जा रही है। चिकित्सा, पशु चिकित्सा, खोया पाया कैंप जैसी व्यवस्थाएं रहती हैं। तहसील के निकट स्थित बबस्टर गंज पुराने घाट पर भी स्नान किया जाएगा। मस्तराम घाट पर भी व्यवस्थाएं चाक चौबंद है। किंतु आवागमन का मार्ग सकरा होने के कारण जाम की स्थिति रहती है।
पूर्णिमा के बाद पुल के निकट मेला समाप्त हो जाता है और पूरा आकर्षण अलीगढ़ बस स्टैंड से शिव चौक तक रहता है। यहां पालिका द्वारा लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। लगभग 15 दिन तक दिन में ग्रामीण अंचल तथा रात्रि में नगरीय क्षेत्र के लोग मेले का आनंद लेते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।