टैक्स का पुराना बकाया जमा करें, ब्याज से मिलेगी राहत... अपना मोबाइल नंबर अपडेट रखें व्यापारी
जीएसटी विभाग ने जहांगीराबाद में व्यापारियों के साथ बैठक की, जिसमें नए नियमों, सरकारी योजनाओं और पुरानी बकाया राशि पर ब्याज माफी की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने छोटे व्यापारियों के लिए जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने और मोबाइल नंबर अपडेट रखने की अपील की।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पुराने टैक्स बकाया पर ब्याज माफी योजना का लाभ लें व्यापारी।
छोटे व्यापारियों के लिए जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया हुई सरल।
विभागीय सूचनाओं हेतु मोबाइल नंबर अपडेट रखने की अपील।
संवाद सूत्र, जागरण. जहांगीराबाद (बुलंदशहर)। नगर की बाल मुकुंद धर्मशाला में जीएसटी विभाग की ओर से व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने जीएसटी के नए नियमों, सरकारी योजनाओं और व्यापारियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
डिप्टी कमिश्नर ललन मौर्य, असिस्टेंट कमिश्नर राम सिंह यादव और वाणिज्य कर अधिकारी प्रवीण श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि जीएसटी लागू होने से पहले वैट, वाणिज्य कर और व्यापार कर के तहत बकाया मूलधन जमा करने पर पात्र व्यापारियों को ब्याज माफी योजना का लाभ मिल सकता है। छोटे व्यापारियों की सुविधा के लिए जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया भी सरल की गई है।
वहीं, अधिकारियों ने व्यापारियों से पंजीकरण में दर्ज मोबाइल नंबर अपडेट रखने की अपील की, ताकि विभागीय सूचनाएं और नोटिस समय पर मिल सकें। उन्होंने आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी दरों में कमी की जानकारी भी दी। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष रोहित पहाड़ी ने की। उन्होंने जानकारी देने पर जीएसटी अधिकारियों का आभार जताया। इस दौरान एडवोकेट दीपक गुप्ता, दिनेश बंसल, गप्पू ठेकेदार, प्रतीक अग्रवाल, शिवकुमार गर्ग, अमित कंसल, राजू अग्रवाल, अरुण कौशिक, सौरभ गोयल, संजीव गर्ग, राहुल गुप्ता, ललित अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, इरफान और मौनू मौजूद रहे।