घर-घर गंगाजल पहुंचाएंगे गायत्री परिवार के कार्यकर्ता
हरिद्वार स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज का आपके द्वार पहुंचा हरिद्वार अभियान जिले में पहुंचा।
जेएनएन, बुलंदशहर। हरिद्वार स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज का 'आपके द्वार पहुंचा हरिद्वार' अभियान बुधवार को जिले में पहुंचा। पन्नीनगर स्थित श्री गायत्री संस्कार पीठ पर शांतिकुंज हरिद्वार से आए वरिष्ठ प्रतिनिधि नमो नारायण पांडेय ने अभियान पर प्रकाश डाला। कार्यकर्ताओं को घर-घर गंगाजल स्थापित कराने के लिए प्रेरित किया। वहीं, शांतिकुंज से पधारे रामखिलावन और संजय सिंह ने प्रज्ञा गीत प्रस्तुत कर भाव-विभोर किया।
इस दौरान आयोजित गोष्ठी में नमो नारायण पांडेय ने कहा कि गायत्री माता और गंगा मां की कृपा भक्तों पर बनी रहे, इसी उद्देश्य के साथ गंगाजल को घर-घर स्थापित कर गायत्री उपासना के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश ही नहीं विदेशों में भी गंगाजल को घर घर पहुंचाने का अभियान शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से चलाया जा रहा है। जिला संयोजक कुलदीप मित्तल ने बताया कि जिले में 11 हजार घरों में प्रथम चरण में गंगाजल स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। भजनों की प्रस्तुति से मनमोहा
बुलंदशहर आवास-विकास प्रथम में चल रहीं श्रीमद् भागवत कथा का बुधवार का छठा दिन रहा। इसमें कथा व्यास ने गुर की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने रासलीला के भाव भी स्पष्ट करते हुए भगवान श्रीकृष्ण और भक्त की भक्ति पर प्रकाश डाला। वहीं, मनोहारी भजनों की प्रस्तुति को सुनकर भक्त भाव-विभोर हुए।
इस मौके पर कथा व्यास आचार्य मनीष कौशिक ने कहा कि गुरु ही व्यक्ति को सदमार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि संतों ने सदैव भारत भूमि पर विश्व कल्याण की कामना को साकार करने में अपने दायित्व का निवर्हन किया। विश्व कल्याण की कामना करते हुए विश्वामित्र स्वयं भगवान राम को वन ले गए।