विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा ने दिखाया रौद्र रूप! महज 12 घंटों में गंगा की धार में समा गई 10 फुटी सीसी रोड और भूमि

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 23 Aug 2026 02:41 PM (IST)

गंगा ने अहार क्षेत्र में रौद्र रूप दिखाते हुए महज 12 घंटों में 10 फीट भूमि और सीसी मार्ग को ...और पढ़ें

सिद्ध घाट पर 10 फीट सीसी मार्ग और जमीन गंगा में समाई। जागरण

सिद्ध घाट पर 10 फीट सीसी मार्ग और जमीन गंगा में समाई। जागरण

HighLights

  1. अहार में गंगा की धार ने 10 फीट सीसी रोड और भूमि काटी।

  2. सिद्ध बाबा घाट सहित कई क्षेत्र कटान से गंभीर रूप से प्रभावित।

  3. एडीएम ने निरीक्षण कर फसल सर्वे और निगरानी के निर्देश दिए।

संवाद सूत्र, अहार (बुलंदशहर)। गंगा के जलस्तर में कमी आई है, लेकिन अहार क्षेत्र में कटान की समस्या अभी भी गंभीर बनी हुई है। पिछले 12 घंटों में गंगा ने लगभग 10 फीट भूमि और सीसी मार्ग के हिस्से को अपने में समाहित कर लिया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस स्थिति का जायजा लेने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व अभिषेक कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। गंगा की तेज धारा के कारण घाट का किनारा तेजी से कट रहा है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घाट तक पहुंचने वाली लगभग 150 मीटर सीसी सड़क गंगा में समा चुकी है।

सिद्ध बाबा घाट, जहां पहले श्रद्धालुओं की भीड़ रहती थी, अब गंगा की लहरों के कहर का सामना कर रहा है। मेला स्थल, घाट के चबूतरे और यज्ञ स्थल भी कटान की चपेट में आ चुके हैं। घाट से करीब सवा सौ मीटर दूर बनाई गई सुरक्षा दीवार भी गंगा की धार में बह गई, जो लगभग 20 दिन पहले लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बनाई गई थी। कटान केवल सिद्ध बाबा घाट तक सीमित नहीं है, बल्कि अहार के खादर क्षेत्र में भी तेजी से भूमि कट रही है। शनिवार को एडीएम अभिषेक कुमार ने एसडीएम स्याना लालजी विश्वकर्मा के साथ सिद्ध गंगा घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कटान की वर्तमान स्थिति और प्रभावित क्षेत्र की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने बाढ़ से प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावित फसलों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ और कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के लिए भी कहा। इसके बाद एडीएम ने अवंतिका देवी स्थित गंगा घाट का भी निरीक्षण किया। वहां स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष गंगा के कटान के दौरान अवंतिका देवी मंदिर के समीप लगी पत्थरों की पिचिंग का काफी हिस्सा बह गया था।

स्थानीय लोगों ने इसे सही कराने और अन्य सुरक्षा कार्य कराने की मांग की। एडीएम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गंगा के तेज बहाव के मद्देनजर गहरे पानी में स्नान न करने की अपील की। उन्होंने बच्चों को गंगा किनारे अकेले न जाने देने और निर्देशों का पालन करने को कहा।

दिनभर चलता रहा बादल और धूप का खेल
बुलंदशहर : शनिवार को जिले में मौसम में बदलाव देखने को मिला। कुछ स्थानों पर तेज बरसात हुई, जबकि अन्य स्थानों पर बादल छाए रहे। बुलंदशहर नगर में सुबह से ही बादल छाए रहे और दोपहर में हल्की धूप निकली, जिससे उमस में थोड़ी राहत मिली। गंगा किनारे के क्षेत्रों में शुक्रवार रात से सुबह तक बरसात हुई। स्याना नगर के अधिकांश मार्गों पर बरसात का पानी भरने से राहगीरों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। शुक्रवार रात से शुरू हुई झमाझम बरसात का सिलसिला शनिवार सुबह तक जारी रहा, जिससे मौसम सुहावना हो गया। नगर के मेन बाजार सहित कई मार्गों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। दिनभर बादल और धूप का खेल चलता रहा।

शहर में आज चार घंटे बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
बुलंदशहर(वि.)। शहर के विद्युत उपकेंद्र हाइडिल कालोनी व विद्युत उपकेंद्र पुरानी जेल अंसारी रोड से पेड़ों की टहनियों की कटाई को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियंता विकास गुप्ता ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र पुरानी जेल अंसारी रोड से पेड़ों की टहनियों की कटाई को सुबह नौ बजे से दोपहर के करीब एक बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। 14500 घरों की आपूर्ति शटडाउन के चलते बाधित रहेगी।