पानी निकासी को लेकर मारपीट, कई घायल
जेएनएन बुलंदशहर। क्षेत्र के गांव अरनिया निवासी सूरज शुक्रवार सुबह अपने खेत पर गया था।
जेएनएन, बुलंदशहर। क्षेत्र के गांव अरनिया निवासी सूरज शुक्रवार सुबह अपने खेत पर गया था। जहां निकटवर्ती खेत के मालिक ने बरसात के पानी को उसके खेत की तरफ छोड़ा हुआ था। जिस पर सूरज ने उससे मना किया, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। जिसके बाद उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। झगड़े में एक पक्ष से सूरज, विपिन, होशियारी समेत पांच लोग घायल हो गए। शोरशराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने झगड़ा शांत कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में पीड़ितों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने उन्हें जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सरिया से हमला कर युवक को किया लहूलुहान
खुर्जा : सरिया से हमला करके दो आरोपितों ने युवक को पीटकर लहूलुहान कर दिया। मोहल्ला नई बस्ती निवासी आसिफ ने बताया कि उसका रुपयों के लेकर एक व्यक्ति से विवाद चल रहा है। शुक्रवार सुबह को वह व्यक्ति अपने एक साथी के साथ घर आ गया। घर आते ही उसने गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपितों ने लोहे की सरिया से आसिफ के ऊपर हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर एकत्र हुए लोगों ने उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। संसू महिला लापता
डिबाई : कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। बताया कि बीते 27 अगस्त दोपहर को उसकी 25 वर्षीय पत्नी घर से कहीं चली गई जो अब तक वापस नहीं लौटी है। काफी तलाश किया लेकिन पत्नी का कहीं पता नहीं लग सका। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। संसू