कृषि कानून के विरोध में किसानों ने एनएच-91 पर लगाया जाम
खुर्जा में कृषि कानून के विरोध में भाकियू महाशक्ति के कार्यकर्ताओं ने बगराई तिराहे पर करीब आधा घंटे एनएच-91 जाम रखा और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान हाईवे पर डटे रहे। वहीं उन्होंने किसानों की अन्य मांगों को लेकर भी चर्चा की। जिसके बाद प्रधानमंत्री संबोधित ज्ञापन एसडीएम खुर्जा को सौंपा।
जेएनएन, बुलंदशहर। खुर्जा में कृषि कानून के विरोध में भाकियू महाशक्ति के कार्यकर्ताओं ने बगराई तिराहे पर करीब आधा घंटे एनएच-91 जाम रखा और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान हाईवे पर डटे रहे। वहीं उन्होंने किसानों की अन्य मांगों को लेकर भी चर्चा की। जिसके बाद प्रधानमंत्री संबोधित ज्ञापन एसडीएम खुर्जा को सौंपा।
इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धमेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा जो कानून लागू किया गया है। वह किसान विरोधी है। जिसको तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। जिस कारण खेती से भी किसानों का मोहभंग होने लगा है। साथ ही उन्होंने किसान आयोग के गठन की भी मांग की। वहीं दिल्ली जा रहे किसानों पर वाटर कैनन व आंसू गैस के प्रयोग करने पर भी नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाते हुए जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन किसान नहीं माने। करीब 30 मिनट बाद एसडीएम लवी त्रिपाठी मौके पर पहुंची। जिनको संगठन के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा और हाईवे से हट गए। जब तक हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। इसमें अभय भारद्वाज, जितेंद्र चौधरी, नबाव, आस मोहम्मद, सोनी चौधरी, सुंदर, अमित अरोरा, फकरुद्दीन, मुकेश, अनिल, नौशाद आदि रहे। जाम में फंसे रहे वाहन
हाईवे पर बगराई तिराहे पर अलीगढ़-बुलंदशहर की तरफ जाने-आने वाले वाहन 30 मिनट तक जाम में फंसे रहे। ऐसे में मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की काफी लंबी लाइन लग गई। हालांकि कुछ वाहन सवारों ने अपनी मजबूरी किसानों को बताई, तो उन्हें किसानों से रास्ता देते हुए जाने दिया।