कामगारों का दर्ज करें पूरा ब्योरा: राज्यमंत्री
हरियाणा के विभिन्न जिलों में फंसे उत्तर प्रदेश के कामगारों को हरियाणा से लाने की प्रक्रिया बुधवार को भी जारी रही। राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने बस अड्डे पहुंच कर प्रवासी कामगारों से जानकारी लेकर उनके गृह जनपद भेजने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बुलंदशहर, जेएनएन। हरियाणा के विभिन्न जिलों में फंसे उत्तर प्रदेश के कामगारों को हरियाणा से लाने की प्रक्रिया बुधवार को भी जारी रही। राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने बस अड्डे पहुंच कर प्रवासी कामगारों से जानकारी लेकर उनके गृह जनपद भेजने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
देशव्यापी लॉकडाउन के बीच गैर प्रांतों में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के फंसे कामगारों को हरियाणा से प्रवासी कामगारों को लगातार लाया जा रहा है। बुधवार को हरियाणा से 100 रोडवेज बसों से तीन हजार से अधिक कामगारों को लाया गया। राज्य मंत्री अनिल शर्मा ने डीएम रविंद्र कुमार के साथ बस अड्डे पहुंचे। उन्होंने प्रवासी कामगारों से जानकारी लेने के साथ उनकी स्वास्थ्य जांच और भोजन और पानी की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। राज्यमंत्री ने प्रवासी मजदूरों का पूरा ब्योरा रजिस्टर में दर्ज करने के साथ ही उनके सकुशल गृह जनपद भेजने के निर्देश दिए। वहीं डीएम और राज्यमंत्री ने कामगारों को भोजन का वितरण किया। एडीएम रवींद्र कुमार के नेतृत्व में बस अड्डा पर पहुंच रहे प्रदेश के प्रवासी कामगारों को जिले वार भेजने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह, सेवा प्रबंधक मनोज कुमार, वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी मुकेश कुमार शर्मा सहित, डायट प्राचार्य महेंद्र सिहं राणा सहित कई विभागों के अफसर व्यवस्थाओं की देखरेख में जुटे रहे। इन्होंने कहा..
हरियाणा के विभिन्न जनपदों में फंसे सूबे के प्रवासी कामगारों को लाया जा रहा है। लगातार तीसरे दिन भी 100 बसों से सैंकड़ों कामगार बस अड्डे पहुंचे, उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद भोजन और पानी की व्यवस्था कर उनके गृह जनपद भेजा जा रहा है।
- रविंद्र कुमार, डीएम