बच्चों को शिक्षित करें अभिभावक: मोहम्मद आरिफ
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बुधवार को बॉम्बे टावर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने खर्चे में कटौती कर बच्चों को शिक्षित बनाएं।
बुलंदशहर, जेएनएन। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बुधवार को बॉम्बे टावर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने खर्चे में कटौती कर बच्चों को शिक्षित बनाएं। लोग अपनी कमाई के बाद यदि अपने क्षेत्र में विकास करते हैं, ऐसे लोग अच्छे होते हैं। उधर, करोल बाग दिल्ली के व्यापारी एसोसिएशन ने राज्यपाल का सम्मान किया। इस अवसर पर ठाकुर सुनील सिंह, विधायक देवेंद्र लोधी, जमाल मलिक, अयाज खान, रवि साहब आदि सहित अनेक लोग रहे।
इस दौरान बातचीत में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने केरल राज्य में सबसे कम शिशु मृत्यु दर पर कहा कि जब लोग शिक्षित होंगे तो मृत्यु दर पर विराम लगेगा। शिक्षा से ही विकास संभव है। सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर विरोध करने के मामले में उन्होंने कहा कि किसी को मंदिर जाने से रोका नहीं जाता है। महिलाओं को पूरी सुरक्षा दी जाती है। महिलाओं के राइट टू सिट पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए दिल्ली में रहकर 30 वर्ष लड़ाई लड़ी है। वहां भी कोई समस्या होगी तो उसे हल किया जाएगा।
एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बॉम्बे टावर के अतिरिक्त कई अन्य कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने नगर पंचायत द्वारा शुरू की गई एंबुलेंस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। वहीं गांव चंदियाना के मधुसूदन डेयरी व कस्बे में शानू खान के आवास पर शिरकत की। कस्बे के सभासद पप्पू खां के निधन पर उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी।
राज्यपाल का नगर में स्वागत
संसू, स्याना : केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का राज्यपाल बनने के बाद प्रथम आगमन पर नगरवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। बुगरासी मार्ग स्थित कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्यागी के आवास पर लोगों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि उन्हें अपने आप पर गर्व है, कि उन्होंने बुलंदशहर की माटी में जन्म लिया है। उमेश गोयल, व्यापारी नेता राकेश वर्मा, वरिष्ठ सपा नेता चौ. बदरुल इस्लाम, साजिद चौधरी व समाजसेवी रवि सिंहल, मांगेराम त्यागी, राजेश चौहान, अशोक गर्ग, रोहित गर्ग, नीरज त्यागी, रतनलाल अग्रवाल, राम निवास गुप्ता, अशोक त्यागी आदि मौजूद रहे।