जल निकासी न होने से अटी पड़ी नालियां
खुर्जा क्षेत्र में गंदगी से नालियां अटी होने के कारण जलनिकास नहीं हो रही है। इससे मकानों को गिरने का खतरा हो गया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। पहासू क्षेत्र के अनोना गांव में व्याप्त गंदगी और जल निकासी की व्यवस्था में प्रधान की उदासीनता से परेशान होकर ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विकास कार्यो की अनदेखी और गांव की साफ-सफाई की व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाए हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के गांव अनोना के ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मुख्य शिकारपुर मार्ग के किनारे बने घरों की स्थिति बेहद खराब है। पानी की निकासी नहीं होने की वजह से मकानों में सीलन आ गयी है। जिससे मकानों के गिरने की आशंका बढ़ती जा रही है। गांव की कच्ची नालियां हमेशा गंदगी से अटी पड़ी रहती हैं। जिसके कारण नालियों का पानी रास्ते मे फैलने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या के समाधान के लिए प्रधान द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिस बात से क्षुब्ध होकर गुरुवार सुबह लोग गांव के तिराहे पर एकत्र हुए। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। जल्द ही समस्या का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। उधर ग्राम प्रधान चंद्रवती देवी का कहना है कि लोकसभा चुनाव में आचार संहिता लगने के कारण गांव में विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई थी। जल्द ही नाली, खंडजों और जल निकासी के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में लवकेश, श्रीकृष्ण, मोमराज, लवकेश, ओंकार, वीरपाल, ब्रजपाल, राजबहादुर, सीमा, बिमलेश, बीना, अर्चना आदि लोग शामिल रहे।