कम दाम पर धान खरीद रहे आढ़ती को डीएम ने किया पुलिस के हवाले
सरकार से निर्धारित मूल्य 1868 से कम रेट पर आढ़तियों द्वारा धान खरीदने की शिकायत पर गुरुवार को डीएम रविंद्र कुमार धान क्रय केंद्रों की जांच करने के लिए पहुंचे।
बुलंदशहर, जेएनएन। सरकार से निर्धारित मूल्य 1868 से कम रेट पर आढ़तियों द्वारा धान खरीदने की शिकायत पर गुरुवार को डीएम रविंद्र कुमार धान क्रय केंद्रों की जांच करने के लिए पहुंचे। मौके पर किसान द्वारा कम रेट की जानकारी देने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए आढ़ती को पुलिस सौंप दिया। साथ ही अन्य आढ़तियों कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
डीएम रविंद्र कुमार को सुरजावली गांव निवासी किसान महेंद्र सिंह ने धान बेचने में आने वाली परेशानी, रेट और अन्य परेशानियों के बारे में बताया। डीएम ने तुरंत आढ़ती के खिलाफ पुलिस कार्रवाइ कराई। इसके बाद डीएम ने मंडी समिति परिसर में धान क्रय केंद्र का स्थलीय निरीक्षण करते हुए धान खरीद की प्रविष्टियों का पंजिका को चेक किया। यहां किसान से धान के मूल्य के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने सभी मंडी समितियों में सरकार से निर्धारित समर्थन मूल्य 1868 रुपये के साथ धान क्रय केन्द्र के प्रभारी का नाम, मोबाइल नंबर समेत बैनर या फ्लैक्श लगाने के निर्देश दिए। जिससे किसानों को उचित मूल्य पाने में कठिनाई ना हो। इसके अलावा मंडी सचिव रोजाना ज्यादा से ज्यादा किसानों से उनके धान के मूल्य में बातचीत करें। किसानों का धान निर्धारित मूल्य पर बिकवाया जाए। यदि कोई आढ़ती किसानों से कम रेट पर धान खरीदता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए किसान के धान को राजकीय धान क्रय केंद्र पर भिजवाकर बिक्री कराया जाए। इस मौके पर एडीएम मनोज कुमार सिघल, रवींद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सान्या छावड़ा आदि रहे।