तहेरे भाइयों ने की थी पंकज की हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार
क्षेत्र के गांव केशोपुर सठला के पंकज हत्याकांड का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। आरोपित मृतक के एक तहेरे भाई को भी गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा फरार आरोपित भी रिश्ते में मृतक का तहेरा भाई है।
बीबी नगर: क्षेत्र के गांव केशोपुर सठला के पंकज हत्याकांड का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। आरोपित मृतक के एक तहेरे भाई को भी गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा फरार आरोपित भी रिश्ते में मृतक का तहेरा भाई है।
थाना प्रभारी सुभाष ¨सह ने बताया कि केशोपुर सठला निवासी लगभग 35 वर्षीय पंकज पुत्र गंगाराम का तहेरा भाई महेन्द्र गांव में ही आरा मशीन चलाता है। उसकी कुदृष्टि पंकज की पत्नी पर थी। जिसका पंकज विरोध करता था।
महेन्द्र दबंग होने के कारण पंकज के साथ गाली गलौच व मारपीट भी करता था। इसी कारण से पंकज अपनी पत्नी को लेकर अपनी ससुराल पिलखवा चला गया था। ससुराल जाने के लगभग ढाई महीने बाद गत 13 जुलाई को वह अपने गांव वापस आ गया। उसी दिन महेन्द्र अपने एक अन्य परिजन के साथ उसे आरा मशीन पर ले गया। वहां पर दोनों के बीच विवाद हुआ और यह बढ़कर मारपीट में बदल गया। इसी दौरान महेन्द्र ने आरा मशीन से डंडा उठाकर पंकज के सिर में मार दिया। पंकज वहीं पड़े लकड़ी के बडे़ तने पर जा गिरा।
उसके बाद महेन्द्र व उसके साथी ने डंडों से पंकज पर कई वार किये। पंकज की मौत हो जाने पर दोनों ने शव को गाड़ी में लेकर गांव के बाहर जंगल में नरेन्द्र गौड़ के खेत के पास डाल दिया। शव 15 जुलाई को खेत से बरामद हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस द्वारा जांच व पूछताछ के बाद महेन्द्र व उसके रिश्ते के भाई राकेश का नाम प्रकाश में आया। आरा मशीन से बुधवार रात को महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। आला कत्ल डंडा भी बरामद कर लिया गया। राकेश की तलाश की जा रही है। सर्व समाज कल्याण समिति ने थानाध्यक्ष सुभाष ¨सह को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।