कल आएंगे सीएम योगी, तैयारी में जुटे भाजपाई
सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मतदाताओं में उत्साह का संचार करने के लिए 22 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन। सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मतदाताओं में उत्साह का संचार करने के लिए 22 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। वह दोपहर के समय पुलिस लाइन पहुंचेंगे और यहां से सीधे नगर के नुमाइश मैदान पर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ की जनसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी कोई कसर बाकी छोड़ना नहीं चाहती है। पिछले करीब एक सप्ताह से जनसभा की तैयारियों में जुटे मंत्री और विधायक गांव-गांव में चौपाल लगाकर माहौल बनाने में जुटे हैं।
उधर, मंगलवार को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जारी होने के बाद तैयारियों को अधिक तेज कर दिया गया। नुमाइश मैदान में होने वाली जनसभा के लिए तैयार हो रहे पंडाल और मंच का कई बार प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया, कपिल देव अग्रवाल के साथ स्थानीय अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया और दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हाल में जिला कार्यकारिणी के साथ तैयारियों की समीक्षा भी की गई। करीब एक घंटा रुकेंगे मुख्यमंत्री
प्रशासन द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिडन एयरपोर्ट से गुरुवार की सुबह 11.30 बजे हेलीकाप्टर से बुलंदशहर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 11.55 बजे उनका हेलीकाप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा। यहां से वह सीधे नुमाइश मैदान के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे जनसभा के मंच पर पहुंचेंगे और अपना संबोधन शुरू करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे योगी यहां से विदा लेंगे और 1.05 बजे अमरोहा के लिए रवाना हो जाएंगे। कोरोना नियमों में होगा पालन
जनसभा स्थल पर कोरोना काल में निर्धारित किए गए नियमों का पालन करने पर पूरा जोर है। इसके लिए कुर्सी और नीचे बैठने वाले कार्यकर्ताओं के बीच दूरी रहे और एक-दूसरे के संपर्क में न आए इसके लिए व्यवस्था की गई है। साथ ही सभा स्थल को सैनिटाइज कराने के साथ कार्यकर्ताओं को मास्क आदि का वितरण भी किया जाएगा। इन्होंने कहा..
नुमाइश मैदान में होने वाली जनसभा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मतदाताओं में काफी उत्साह है। जनसभा के दौरान कोरोना से बचाव के लिए नियमों का पालन किया जाएगा।
- कपिल देव अग्रवाल, चुनाव प्रभारी, स्वतंत्र प्रभार मंत्री