अन्नकूट के प्रसाद का वितरण, पशुओं का हुआ श्रृंगार
नगर व देहात में गोवर्धन पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया।
बुलंदशहर, जेएनएन। नगर व देहात में गोवर्धन पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। पशुपालकों ने जहां पशुओं का श्रृंगार किया और वहीं घरों में गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर विशेष पूजा कर मनौती मांगी गई। मंदिरों में अन्नकूट के प्रसाद का वितरण किया गया।
त्योहरों की श्रृंखलाओं के गुरूवार को गोवर्धन पर्व परंपराओं व श्रद्धा के बीच मनाया गया। मंदिरों समेत घरों में भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत उठाने की आकृति पशुओं के गोबर से सजाई गई। परिवार में खुशहाली व अहंकार का नाश करने की मनौती मांगी गई। वहीं देहात क्षेत्र में पशुओं को सबसे बड़ा धन मानते हुए गोवर्धन पूजा के साथ पशुओं की विशेष पूजा की। किदवंती के तहत में घर में रहने वाले पशु ही परिवार पर आने वाली आपदा व कष्ट का बचाव करते हैं। पशुओं को सरसों के तेल लगाया गया और सींगों व गले में घंटी आदि बदलकर उनका श्रृंगार किया। नगर के बलदेव मंदिर, चैंबर की धर्मशाला, वैद्यबाड़ा, बड़ा बाजार समेत नगर व देहात क्षेत्र मंदिरों में अन्नकूट का प्रसाद बनाया जगह-जगह वितरण किया। दिन भर प्रसाद लेने के लिए लगे स्टालों पर लोगों की भीड़ लग रही। चैंबर की धर्मशाला पर गोवर्धन समिति द्वारा अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया। जिसमें व्यापार मंडल, प्रमुख समाजसेवी संगठनों का सहयोग रहा।