iPhone के लिए हैवान बना पोता: पैसे न देने पर दादी को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
बुलंदशहर में एक युवक द्वारा आईफोन न मिलने पर अपनी वृद्ध दादी और बुआ को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
HighLights
युवक ने आईफोन न मिलने पर दादी-बुआ को पीटा।
सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवक की तलाश शुरू की है।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। जिसमें युवक अपनी वृद्ध दादी और बुआ को बुरी तरह से पीटता दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि आईफोन नहीं दिलाने पर वह दादी-बुआ को बंधक बनाकर मारपीट कर रहा है।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो नगर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की है। युवक स्वजन पर आईफोन दिलाने का दबाव बना रहा और इसके लिए वह तीन लाख रुपये की मांग कर रहा है।
पुलिस ने शुरू की युवक की तलाश
जब बुजुर्ग दादी और बुआ ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसने दोनों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वीडियो में दादी रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई देती और दिन-रात घर में आतंक मचाने की बात कहती सुनाई दे रही है।
प्रसारित वीडियो में साफ दिखाई दे रहा कि युवक किस तरह बेखौफ होकर वृद्ध दादी और बुआ पर हाथ उठा रहा है।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय का कहना है कि प्रसारित वीडियो के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। किसी के भी थाने पर इस बाबत तहरीर नहीं दी गई है।
